एनडी हिन्दुस्तान
कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में यूजीसी-मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र में राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के संदर्भ में समग्र, बहु-विषयक शिक्षा और समाज विषय ओरिएंटेशन सत्र का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रोफेसर बिंदु जिंदल, अधिष्ठाता, विधि संकाय, महर्षि मारकंडेश्वर विश्वविद्यालय, मुलाना (अंबाला), ने समग्र और बहु-विषयक शिक्षा विषय पर व्याख्यान प्रस्तुत किया। प्रो. जिंदल ने कहा कि शिक्षा केवल बौद्धिक विकास नहीं बल्कि व्यक्ति के भावनात्मक, आध्यात्मिक और मानसिक विकास का भी माध्यम होनी चाहिए।
द्वितीय सत्र में, प्रोफेसर देश राज ठाकुर, निदेशक (प्रभारी), यूजीसी-मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र, हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, शिमला ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 एक ऐसा परिवर्तन लेकर आई है, जो रट्टा आधारित शिक्षा से आगे बढ़कर छात्रों के समग्र विकास पर केंद्रित है। यह नीति शैक्षणिक ज्ञान को व्यावहारिक कौशल, भावनात्मक बुद्धिमत्ता और नैतिक मूल्यों के साथ जोड़ती है, जिससे छात्रों का बौद्धिक और व्यक्तिगत विकास सुनिश्चित होता है।
अंत में, इस कार्यक्रम की कोर्स समन्वयक डॉ. सुमन बाला ने दोनों वक्ताओं का धन्यवाद प्रस्तावित किया, साथ ही कुवि के यूजीसी-मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र, की निदेशक प्रो. प्रीति जैन के मार्गदर्शन और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।