कहा, युवा शक्ति के दम पर भारत वर्ष 2047 तक होगी दुनिया की सबसे बड़ी ताकत
शिक्षण संस्थानों को तैयार करने होंगे प्रतिभावान नागरिक
अभिभावकों को शिक्षण संस्थानों पर है अटूट विश्वास
एनडी हिन्दुस्तान
रोहतक। प्रदेश के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा है कि प्रत्येक नागरिक को भारत को फिर से विश्व गुरु बनाने का संकल्प लेना होगा। शिक्षा मंत्री आज रोहतक में आयोजित एजुकेशन एक्सीलेंस अवार्ड कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे।
महिपाल ढांडा ने कहा कि जब हम कोई भी संकल्प बार-बार दोहराते हैं तो बड़ी से बड़ी चुनौती भी हमारे सामने ठहर नहीं पाएगी। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जब भी मुंह से संकल्प की वाणी निकलती है तो वह सदैव ब्रह्मांड में बनी रहती है। इसलिए हम सबको सोते जागते भारत को विश्व गुरु बनाने का संकल्प लेना होगा। उन्होंने कहा कि संकल्प लेना व देना भारत की ही परंपरा है।
शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि भारत की युवा शक्ति के दम पर भारत 2047 तक विश्व की सबसे बड़ी शक्ति बनेगा। कार्यक्रम में उपस्थित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के संचालकों का आह्वान करते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि उन्हें ऐसे बच्चे तैयार करने चाहिए, जो हर विद्या में पारंगत हो। ऐसे बच्चे ही इतिहास रच कर भारत को विश्व गुरु बनाने में अपनी भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक मजबूत राजनीतिक सोच आज भारत के पास है। इसी मजबूत राजनैतिक सोच एवं कुशल नेतृत्व क्षमता के कारण भारत के वैज्ञानिकों ने वो करिश्में कर दिखाए हैं कि संपूर्ण विश्व आज भारत को पूछता भी है और पूजता भी है।
महिपाल ढांडा ने कहा कि आज दुनिया एक ऐसे चौराहे पर खड़ी है, जहां मानवता व संवेदनाएं मर गई है। दुनियाभर में एक दूसरे को काबू करने की होड़ लगी हुई है। अनेक ऐसे देश है, जहां गृह युद्ध की स्थिति बनी हुई है। सभी हदें पार हो रही है। लेकिन भारत के पास प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मजबूत राजनीतिक सोच होते कोई भी भारत का बाल भी बाका नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि आज भारत कठोर से कठोर निर्णय लेने में सक्षम है।
उन्होंने नागरिकों का आह्वान किया कि वे भारत को 2047 तक विश्व गुरु बनाने में अपनी पूर्ण सहभागिता करें और भारत को विश्व की सबसे बड़ी शक्ति बनाने का संकल्प लें। कार्यक्रम में हरियाणा के पूर्व मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता मनीष कुमार ग्रोवर, भाजपा के जिला अध्यक्ष रणबीर ढाका, एलपीएस बोसार्ड के प्रबंध निदेशक एवं समाजसेवी राजेश जैन व प्रदेश सह मीडिया प्रभारी शमशेर खरक सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।
फोटो : 17 से 25
0 0 0 0 0 0 0 0 00
गुरुग्राम व फरीदाबाद के लिए अलग-अलग कलस्टर से संचालित होगी 678 बसें :- विपिन कुमार
– जिला में अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए बनाए गए 6 अलग-अलग कलस्टर
– अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए परीक्षा कोड के अनुसार लगाए जाएंगे काउंटर
रोहतक, 24 जुलाई : रोहतक परिवहन डिपो के महाप्रबंधक विपिन कुमार ने कहा है कि सामान्य पात्रता परीक्षा (सीईटी) के मद्देनजर अभ्यर्थियों के लिए यातायात की समुचित व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि फरीदाबाद व गुरुग्राम जाने के लिए बस सेवा हेतु जिला में कुल 6 क्लस्टर बनाए गए हैं। इन कलस्टर में रोहतक बस स्टैंड, सांपला बस स्टैंड, महम बस स्टैंड, कलानौर बस स्टैंड, लाखनमाजरा में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का ग्राउंड व मदीना क्लस्टर शामिल है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक कलस्टर से बसें फरीदाबाद व गुरुग्राम के लिए संचालित होगी। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए प्रत्येक कलस्टर पर परीक्षा केंद्र कोड के मुताबिक काउंटर लगाए जाएंगे ताकि अभ्यर्थियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में कोई भी परेशानी ना हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि पटौदी कलस्टर के लिए केवल रोहतक बस स्टैंड से ही बसें संचालित की जाएगी। विपिन कुमार ने बताया कि उपरोक्त पांचों कलस्टर से कुल 678 बसें संचालित की जाएगी। रोहतक कलस्टर से गुरुग्राम व फरीदाबाद के लिए क्रमश: 295 व 72 बसें संचालित होगी। इसी प्रकार सांपला कलस्टर से क्रमश: 41 व 11, कलानौर कलस्टर से क्रमश: 49 व 14, महम कलस्टर से क्रमश: 93 व 15, मदीना कलस्टर से क्रमश: 38 व 14 तथा लाखनमाजरा कलस्टर से क्रमशः 26 व 10 बसें संचालित होगी।
फोटो : 26 से 29
0 0 0 0 0 0 0 0 0 0 0