शहरवासियों से अपील- ज्यादा से ज्यादा संख्या में सेल्फ सर्टिफाई करवाएं नागरिक
एनडी हिन्दुस्तान
करनाल । सम्पत्ति धारकों की प्रॉपर्टी आई.डी. को स्व-प्रमाणित करने के लिए नगर निगम करनाल द्वारा बुधवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में शिविर लगाए गए थे। इन शिविरों में करीब 125 प्रॉपर्टी आई.डी. को स्व-प्रमाणित किया गया है। यह जानकारी उप निगम आयुक्त अभय सिंह ने दी।
उन्होंने बताया कि शहर के सेक्टर-6, 7 व 9 के सामुदायिक केन्द्र, सेक्टर-14 स्थित कृष्णा मंदिर, डे केयर सेंटर नजदीक बलदेव स्कूल सेक्टर-13 तथा नगर निगम कार्यालय के प्रथम तल पर मौजूद सभागार में सेल्फ सर्टिफाई कैंप आयोजित किए गए थे। शहरवासियों द्वारा इन जगहों पर जाकर अपनी सम्पत्ति कर आई.डी. को स्व-प्रमाणित करवाया गया है।
घर बैठे प्रॉपर्टी आई.डी. को कैसे करें स्व-प्रमाणित- उन्होंने बताया कि नागरिक सबसे पहले एन.डी.सी. पोर्टल पर property.ulbharyana.gov.in (प्रॉपर्टी डॉट यूएलबी हरियाणा डॉट जीओवी डॉट इन) साईट पर जाएं। इसके बाद अगर किसी व्यक्ति ने साईट पर रजिस्ट्रेशन किया हुआ है तो ठीक, नहीं तो न्यू रजिस्ट्रेशन का बटन क्लिक कर उस पर अपना ब्यौरा दर्ज करें। इसके पश्चात अपने रजिस्टर्ड मोबाईल नम्बर से लॉगिन करें तथा सर्च फील्ड में जाकर प्रॉपर्टी आई.डी. दर्ज करें। फिर प्रॉपर्टी का ब्यौरा पर क्लिक कर उसे चेक करें। प्रत्येक ब्यौरा के आगे येस व नो, दोनो विकल्प मिलेंगे। उसे ध्यान से पढऩे के बाद, सारा डाटा ठीक दिखाई दे, तो उसे येस कर दें। सारी जानकारी को येस करने के बाद अंत में परिवार पहचान पत्र या आधार नम्बर डालकर सब्मिट करें, उसके पश्चात प्रॉपर्टी आई.डी. स्व-प्रमाणित हो जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि अगर प्रॉपर्टी आई.डी. डाटा में कोई त्रुटि हो, तो रजिस्ट्री व आधार कार्ड जैसे आवश्यक दस्तावेज अपलोड कर ऑनलाईन आपत्ति दर्ज करवा सकते हैं, उस त्रुटि को दुरूस्त कर दिया जाएगा।
उन्होंने शहरवासियों से अपील करते कहा कि वह अपनी प्रॉपर्टी आई.डी. को लॉक करने के लिए स्व-प्रमाणित अवश्य कर लें।