एनडी हिन्दुस्तान
यमुनानगर। 15 अगस्त 2025 को स्वतंत्रता दिवस समारोह के भव्य आयोजन व पुख्ता प्रबन्धों को सुनिश्चित करने के संबंध में जिला प्रशासन के सभी विभागों के अधिकारियों की बैठक जिला सचिवालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में उपायुक्त पार्थ गुप्ता की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में उन्होंने अलग-अलग विभागों द्वारा पूर्ण की जाने वाली तैयारियों को समय रहते शुरू करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य रूप से मनाने के लिए अलग-अलग जिम्मेवारियां सौंपी।
उपायुक्त पार्थ गुप्ता ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह एक राष्ट्रीय पर्व है और इस पर्व को मनाने के लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की विशेष जिम्मेदारी बनती है कि वह इस समारोह के आयोजन में बढ़-चढ़ कर भाग लें और समारोह को भव्य पूर्ण ढंग से आयोजित करने बारे जिस अधिकारी एवं कर्मचारी को जो कार्य सौंपा जाए वह उसे पूरी लगन, मेहनत एवं पूरी कर्तव्य निष्ठा से पूर्ण करें जिससे देश प्रेम की भावना स्पष्ट नजर आए और 15 अगस्त के दिन सभी अधिकारियों व कर्मचारियों का समारोह में उपस्थित होना अनिवार्य है। उन्होंने सभी अधिकारियों का आह्वान किया कि वे 15 अगस्त को अपने-अपने घरों पर तिरंगा झंडा अवश्य फहराए और राष्ट्रीय पर्व को खुशी से मनाएं। उन्होंने शहरवासियों से भी अपील की कि तेजली में मनाए जाने वाले जिला स्तरीय कार्यक्रम में अवश्य शिरकत करें और इस आयोजन की शोभा बढ़ाए।
उपायुक्त पार्थ गुप्ता ने प्रशासन के अधिकारियों को अलग-अलग महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपते हुए उन्हें सख्त निर्देश दिए कि वह इन जिम्मेदारियों को बाखूबी निभाएं। उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह के शुभ अवसर पर मुख्यातिथि द्वारा स्वतंत्रता सेनानियों एवं उनके परिवारों के अन्य सदस्यों तथा अपने देश पर कुर्बान हुए वीर सैनिकों के परिवारों के सदस्यों एवं युद्ध वीरांगनाओं को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वतंत्रता दिवस समारोह में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए जाये। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि तेजली स्टेडियम की साफ-सफाई की उचित व्यवस्था की जाये। उन्होंने जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि रिहर्सल से लेकर स्वतंत्रता दिवस समारोह दिवस तक तेजली खेल परिसर व अन्य उन स्थानों पर जहां पर रिहर्सल होगी, जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस समारोह को सुचारू रूप से सम्पन्न करवाने के लिए साफ-सफाई, अस्थाई शौचालय, बिजली, जनरेटर की व्यवस्था, साफ पीने का पानी, स्वास्थ्य सेवाएं, बैठने की व्यवस्था तथा समारोह से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर संबंधित अधिकारियों से विस्तार से चर्चा की।
नगराधीश पीयूष गुप्ता ने बताया कि जिला में आगामी 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन स्थानीय तेजली खेल परिसर में होगा। स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों के लिए रिहर्सल आगामी 5 अगस्त से शुरू कर दी जाएगी और 13 अगस्त 2025 को फुल ड्रैस रिहर्सल उनकी देखरेख में सम्पन्न होगी। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा तथा मार्च पास्ट सलामी में हरियाणा पुलिस, हरियाणा गृह रक्षी, एनसीसी, स्काउट एवं गाईड की टुकडिय़ां भाग लेंगी। मुख्यातिथि द्वारा शिक्षा, खेल जगत तथा अन्य विभिन्न गतिविधियों में सराहनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को भी सम्मानित किया जाएगा। इसलिए सभी विभाग उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों एवं अधिकारियों के नाम 10 अगस्त तक उपायुक्त कार्यालय में भिजवाना सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर जगाधरी के एसडीएम विश्वनाथ, नगराधीश पीयूष गुप्ता, डीडीपीओ नरेन्द्र सिंह, डीएसपी हरविन्द्र, जिला शिक्षा अधिकारी धर्मेन्द्र चौधरी, जिला खेल अधिकारी शिल्पी गुप्ता, जिला सूचना एवं जन सम्पर्क अधिकारी डॉ. मनोज कुमार, कार्यकारी अभियंता पीडब्ल्यूडी पुनीत मित्तल सहित सभी विभागों के एवं नगर निगम के अधिकारी उपस्थित रहे।