न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र,1 फरवरी। जिला पुलिस कुरुक्षेत्र ने विदेश भेजने के नाम पर 13 लाख की धोखाधड़ी करने के आरोपी को जेल भेजा है। थाना लाडवा पुलिस ने विदेश भेजने के नाम पर 12 लाख 72 हजार रूपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में अमरजीत सिंह पुत्र शारदा प्रशाद वासी नारोलीखेम को गिरफ्तार करके अदालत के आदेश से रिमांड पर लिया था। पुलिस रिमांड अवधि के दौरान 18 हजार रूपये बरामद किये हैं। यह जानकारी पुलिस प्रवक्ता ने दी।
यह जानकारी देते हुए पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि दिनांक 28 अक्तूबर 2020 को अमरजीत सिंह पुत्र जयपाल वासी ठसका खादर जिला यमुनानगर ने गृह मंत्रालय हरियाणा के माध्यम से पुलिस अधीक्षक कार्यालय कुरुक्षेत्र में दी अपनी शिकायत में बताया कि उसका छोटा भाई सुरजीत सिंह विदेश जाने का इच्छुक था। अशोक अरोड़ा वासी लाडवा उसका जानकार है, जो विदेश भेजने का काम करता है। उसने अपने छोटे भाई को विदेश कनाडा भेजने के लिए अशोक अरोड़ा से बात की। जिसने कहा कि तुम्हारे भाई को कनाडा भेजने के लिए कुल 18 लाख रुपये लगेंगे। इसके लिए एक लाख रुपये आपको एंडवांस में जमा करवाने होंगे।
अशोक अरोड़ा ने उसे संदीप वासी दिल्ली से मिलवाया। उसको एक लाख रुपये नगद दिलवाये। संदीप ने उसे एक अन्य व्यक्ति अमरजीत के साथ वियतनाम जाने को कहा और साथ में 2 लाख रुपये के डालर साथ ले जाने को कहा। उसके भाई को आरोपी अमरजीत अपने साथ वियतनाम ले गया। उसके बाद उसके भाई को आरोपी अमरजीत ने नकली वीजा दिखाकर आरोपी अशोक अरोड़ा के पास साढे़ 8 लाख रुपये रखवा दिये। उसने आरोपी अशोक अरोड़ा के कहने पर आरोपी अमरजीत के खाते में डेढ़ लाख रुपये डाल दिए। उसके बाद जब काफी दिनों तक उसके भाई को विदेश नहीं भेजा तो उसने अपने भाई को वियतनाम से वापिस बुलाने के लिए आरोपी अशोक अरोडा पर दबाव बनाना शुरु कर दिया।
आरोपी अशोक अरोड़ा ने चार दिन का समय मांगा और उस दौरान उसने उसके भाई के साथ वियतनाम में मारपीट की जिस कारण उसके भाई के हाथ और पांव में फैक्चर भी आ गया| उसके भाई को जान से मारने की धमकी देने लगे। उन्होंने उसके भाई के घर से और रुपये मंगवाने के लिए दबाव बनाया। उसने अपने भाई की जान बचाने के लिए आरोपी अमरजीत के बैंक खाता में 1 लाख 22 हजार रुपये डलवाए। उसने अपने भाई को वियतनाम से वापिस बुला लिया। उसके बाद जब उसने आरोपियों से पैसे वापिस मांगे तो आरोपी ने कहा सारे पैसे वापिस दे दूंगा और फिर उन्होंने पैसे देने से मना कर दिया। जिसकी शिकायत की जांच उपरांत दिनांक 12 दिसंबर 2020 को आरोपियों के विरुद्ध थाना लाडवा में धोखाधड़ी का मामला दर्ज करके जांच सहायक उप निरीक्षक अशोक कुमार को सौंप दी। जिसने मामले की जांच करते हुए आरोपी अमरजीत सिंह पुत्र शारदा प्रशाद वासी नरोलीखेम जिला देवरिया युपी को गिरफ्तार करके अदालत के आदेश से चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया था| आरोपी ने पुलिस रिमांड अवधि के दौरान धोखाधड़ी किये गये रुपयों में 18 हजार रूपये बरामद करवा दिये। आरोपी को अदालत में पेश अदालत के आदेश से कारागार भेज दिया।