सभी नागरिकों को दिया समानता और न्याय का अधिकार: रामकुमार कश्यप
विधायक रामकुमार कश्यप ने गांव गढ़ी जाटान में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा का किया अनावरण
एनडी हिन्दुस्तान
इंद्री/ करनाल। विधायक एवं गवर्नमेंट चीफ व्हिप रामकुमार कश्यप ने रविवार को गांव गढ़ी जाटान में भारत रत्न संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने युवाओं से डॉ. भीमराव अंबेडकर जी के आदर्शों का पालन करने और शिक्षित होकर समाज में बदलाव लाने का आह्वान किया। इस मौके पर उन्होंने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधारोपण भी किया।
विधायक रामकुमार कश्यप ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर के आदर्श हमें समानता, शिक्षा और सामाजिक न्याय के पथ पर आगे बढऩे की प्रेरणा देते हैं। आज का यह आयोजन न केवल सम्मान का प्रतीक है, बल्कि आने वाली पीढिय़ों के लिए एक प्रेरणास्त्रोत भी रहेगा। उन्होंने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर ने अपना पूरा जीवन समाज के वंचित और शोषित वर्ग के उत्थान के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने भारतीय संविधान के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसने सभी नागरिकों को समानता और न्याय का अधिकार दिया।
उन्होंने कहा कि डॉ भीमराव अंबेडकर अपने पूरे जीवन में समाज के अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति के सम्मान और अधिकारों के लिए लड़ते रहे। सबके साथ समान व्यवहार, समान न्याय व सबके पास समान अधिकार हो बाबासाहेब पहले दिन से ही इसके लिए संघर्ष करते रहे। बाबा साहेब किसी एक समाज के नहीं थे वह तो पूरे देश की अमानत है। उन्होंने बिना किसी भेदभाव, जात- पात के संविधान का निर्माण किया। आज जो हम सबको समानता का अधिकार है वह बाबा साहेब की ही देन है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने संविधान के माध्यम से हमें समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व का जो संदेश दिया, वह आज भी हमारे लोकतांत्रिक ढांचे की मूल आधारशिला है। ऐसे महान व्यक्तित्व को स्मरण करना केवल एक परंपरा निर्वहन नहीं, बल्कि हमारे नैतिक दायित्वों का निर्वाह है।
इस मौके पर पंचायत समिति चेयरपर्सन उषा कटारिया, पंचायत समिति सदस्य अनीता, सरंपच रविंद्र दत्त शर्मा, भाजपा कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।