उपायुक्त शरणदीप कौर बराड़ ने शहीद एमएल वर्मा व उनके परिजनों दी श्रद्धांजलि
वातस्लय वाटिका के स्कूल को सही मायनों में दिया विद्या मंदिर का दर्जा
वातस्लय वाटिका के साथ हमेशा जुड़े रहने का किया जाएगा प्रयास
बच्चों की शिक्षा, संस्कार और अनुशासन के साथ-साथ बेहतरीन प्रस्तुतियों की जमकर की प्रशंसा
संदीप गौतम/ न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र, 1 फरवरी। उपायुक्त शरणदीप कौर बराड़ ने कहा कि देश की एकता की अखंडता को ठेस पहुंचाने वाले लोगों का एकजूट होकर मुकाबला करने की जरुरत है। इस देश में सभी नागरिकों को जात-पात, धर्म, भाषा के आधार पर बंटवारा करने वाले लोगों को सबक सिखाने के लिए हमेशा तत्पर रहना चाहिए। इस देश में शहीद एमएल वर्मा जैसे महान लोगों से प्रेरणा लेनी चाहिए। जिन्होंने निस्वार्थ भाव से देश रक्षा के लिए अपना ही नहीं अपने पूरे परिवार की शहादत दे दी। ऐसे लोगों को बार-बार नमन करने का दिल करता है। उपायुक्त शरणदीप कौर बराड़ सोमवार को सलारपुर रोड़ ब्रह्म कालोनी में स्थित वातस्लय वाटिका में शहीद एमएल वर्मा की पुण्य तिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में बोल रही थी।
इससे पहले उपायुक्त शरणदीप कौर बराड़, वातस्लय वाटिका के सचांलक स्वामी हरिओम दास परिव्राजक, संस्था के पूर्व प्रधान एवं समाज सेवी खरैती लाल सिंगला, प्रधान ओमप्रकाश मित्तल, श्रीरामनिवास बंसल, सचिव ओमप्रकाश गेरा, कोषाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह, प्रधानाचार्य गौरव चौधरी, डीआईपीआरओ डा. नरेन्द्र सिंह, एआईपीआरओ बलराम शर्मा ने 1 फरवरी 1992 में शहीद हुए आईएएस अधिकारी एमएल वर्मा, उनकी धर्मपत्नी प्रीति वर्मा, बेटे सौरव वर्मा व गौरव वर्मा की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की है। इस वातस्लय वाटिका प्राथमिक विद्यालय में आंतकवादियों की गोलियों का शिकार हुए और शहादत प्राप्त करने वाले आईएएस अधिकारी एमएल वर्मा के दो नन्हे बच्चों सौरव व गौरव को याद कर और आश्रम के बच्चों की प्रस्तुती देखकर उपायुक्त शरणदीप कौर बराड़ भावुक हो गई तथा उपायुक्त ने बच्चों की देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों के साथ-साथ बच्चों के संस्कार, अनुशासन और स्कूल में सकारात्मक माहौल की जमकर प्रशंसा की है।
उपायुक्त ने इतना तक कह डाला कि अपने जीवन में पहली बार स्कूल को एक विद्या मंदिर के रुप में देखने का अवसर मिला, जहां पर स्वामी हरिओम दास परिव्राजक द्वारा बच्चों को अच्छी शिक्षा, संस्कार और अनुशासन दे रहे है। इस स्कूल प्रबंधकों के प्रयास काबिले तारिफ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के वरिष्ठï आईएएस अधिकारी शहीद एमएल वर्मा, धर्मपत्नी प्रीति, बेटों गौरव व सौरव को आंतकवादियों ने अपनी गोलियों का शिकार बनाया। इस घटना को याद कर आज भी रोंगटे खड़े हो जाते है, लेकिन इस शहादत से आज सबक लेने की जरुरत है। सभी को प्रण करना चाहिए की देश की एकता और अखंडता को विभाजित करने वालों का मुंह तोड़ जवाब देना है और इस प्रकार के लोगों को उसी समय समाप्त करन देना चाहिए जब वह इस प्रकार की घटना को अंजाम देने का प्रयास तक भी करते है।
उन्होंने कहा कि वातस्लय वाटिका के आशावादी माहौल को देखकर सहजता से आंकलन किया जा सकता है कि बच्चों को अच्छी शिक्षा, संस्कार और अनुशासन का पाठ पढ़ाया जा रहा है। इस विद्यालय में सही मायनों में एक आदर्श व्यक्ति का निर्माण किया जा रहा है जो कि आज किसी अन्य शिक्षण संस्थानों में देखने को नहीं मिलता है। इस विद्यालय के विद्यार्थियों ने खेलों के साथ-साथ हर क्षेत्र में अपना एक मुकाम हासिल किया है जो कि काबिले तारीफ है। इस संस्था को हर सम्भव सहयोग किया जाएगा और प्रयास करेंगे कि वे इस वातस्लय वाटिका के साथ हमेशा जुड़ी रहें। इस स्कूल के विद्यार्थियों को 26 जनवरी व 15 अगस्त को होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी अपना हुनर दिखाने का अवसर दिया जाएगा। इस कार्यक्रम में स्कूल की छात्रा रीना व अन्य छात्राओं ने देशभक्ति गीत और एक्शन सांग की प्रस्तुती देकर सबका मन मोह लिया।
भाजपा के जिलाध्यक्ष राजकुमार सैनी ने भी शहीद एमएल वर्मा और उनके परिजनों को नमन करते हुए कहा कि वातस्लय वाटिका में सही मायनों में अच्छे नागरिकों का निर्माण किया जा रहा है। इस स्कूल में गुरुकुल की तर्ज पर शिक्षा दी जा रही है। इस प्रांगण को देखकर जहां उपायुक्त शरणदीप कौर बराड़ ने पुरजोर प्रशंसा की है वहीं इस वाटिका के प्रांगण में आना वाला हर व्यक्ति प्रशंसा करने से नहीं चुकता है। संचालक स्वामी हरिओम दास परिव्राजक ने मेहमानों का स्वागत करते हुए 15-20 सालों से चल रहे वातस्लय वाटिका की गतिविधियों पर विस्तृत प्रकाश डालते हुए कहा कि शहीद एमएल वर्मा की पुण्यतिथि पर हर वर्ष श्रद्घाजंलि समारोह का आयोजन किया जाता है। इस प्रकार के कार्यक्रमों से बच्चों को प्रेरणा मिलती है। समाज सेवी खरैती लाल सिंगला ने उपायुक्त शरणदीप कौर बराड़ सहित अन्य मेहमानों का वातस्लय वाटिका में पहुंचने पर आभार व्यक्त किया है। इस मौके पर सुरेश जोशी, राकेश मेहता, विजयंत बिंदल, हरीश अरोड़ा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।