कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग व हरियाणा कला परिषद के कलाकारों ने प्रस्तुत किये नुक्कड़ नाटक
एनडी हिन्दुस्तान
कुरुक्षेत्र । हर घर तिरंगा अभियान के तहत कला एवं सांस्कृतिक विभाग हरियाणा तथा हरियाणा कला परिषद के संयुक्त तत्वावधान में प्रदेश के विभिन्न जिलों में नुक्कड़ नाटकों का आयोजन करवाया गया। इसी श्रृंख्ला में स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में कुरुक्षेत्र के ब्रहमसरोवर पर स्थानीय कलाकारों ने देशभक्ति नाटक आजादी के मायने प्रस्तुत किया। सागर शर्मा के नेतृत्व में प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक आजादी के मायने में देश को आजादी दिलवाने में अपनी जान न्योछावर करने वाले शहीदों के बलिदानों की कहानियों को दर्शाया गया। जहां एक ओर वीर शहीदों को नमन किया गया, वहीं देश मेें फैली कुरीतियों तथा बुराईयों से भी लोगों को रुबरु करवाया गया। कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग द्वारा सभी जिलों के अतिरिक्त प्रदेश के छह मण्डलों में भी व्यापक स्तर पर नुक्कड़ नाटक आयोजित करवाए गए। जिसमें करनाल के अटल पार्क में विकास शर्मा के निर्देशन में न्यू उत्थान थियेटर ग्रुप के कलाकारों ने देशभक्ति नाटक देश के दीवाने प्रस्तुत किया। न्यू उत्थान थियेटर ग्रुप के अध्यक्ष नीरज सेठी ने विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज में जागरुकता लाने का सबसे बढिया ढंग रंगमंच है। जिसमें नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से आमजन को जागरुक किया जा सकता है। ऐसे में हर घर तिरंगा अभियान के तहत लोगों के दिलों में देशभक्ति की लौ जगाने के लिए कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग द्वारा किये गए प्रयास अत्यंत सराहनीय हैं। नुक्कड़ नाटक में कलाकारों ने दिखाया कि 1947 में अंग्रेजों से तो देश को आजादी मिल गई थी, लेकिन वर्तमान में देश में फैली बुराईयों से अभी भी आजादी चाहिए। ये देश है वीर जवानों का, मेरा रंग दे बसंती चोला, सारे जहां से अच्छा हिंदुस्तान हमारा जैसे गीतों के माध्यम से कलाकारों ने माहौल को देशभक्ति के रंग से रंगा। उल्लेखनीय है कि हर घर तिरंगा अभियान के तहत देश में बड़े उत्साह व उमंग के साथ शहीदों को याद किया जा रहा है। इसी कड़ी में कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग तथा हरियाणा कला परिषद द्वारा नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से शहीदों को याद किया गया। नुक्कड़ नाटक मंचित करने वाले दलों में पंचकुला में कर्ण बतौलिया, अम्बाला में शिवम कुमार, कैथल में डा. राजीव शर्मा, यमुनानगर में नीरज कुमार संजीवनी रंगमंच, करनाल में अमरदीप, कुरुक्षेत्र में सागर शर्मा, सिरसा में कुसुम, फतेहाबाद में प्रकाशचंद, रेवाड़ी मदन डागर, गुरुग्राम में बृज भारद्वाज, मेवात में कमल, सफीदों जीद में रविमोहन, हिसार में विशाल शर्मा, महेंद्रगढ में प्रमोद तिवारी आा आदि दलों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।