एनडी हिन्दुस्तान
करनाल। राज्य चुनाव आयुक्त देवेंद्र सिंह कल्याण ने आज शाम यहां कर्ण लेकर पर जिला अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने पंचायती राज व शहरी निकाय संस्थाओं के सफल चुनाव के बारे में अधिकारियों से फीडबैक लिया। उन्होंने कहा कि फीडबैक के आधार पर आयोग भविष्य में कराए जाने वाले चुनावों में सुधार के लिए जरूरी कदम उठाएगा।
राज्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि वे प्रदेश के सभी 22 जिलों का दौरा करेंगे। अधिकारियों से पिछले चुनावें के बारे में फीडबैक के साथ-साथ व्यवस्था में और सुधार के लिए सुझाव लिए जाएंगे। इसके बाद आयोग इस दिशा में यथासंभव उचित कदम उठाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पंचायत और शहरी निकाय संस्थाओं के चुनाव संपन्न होने के बाद प्राप्त लंबित शिकायतों का तेजी से निपटारा किया जाए। बैठक में चुनाव के बाद खर्च रजिस्टर जमा न करने वाले उम्मीदवारों के मामले की भी समीक्षा की गई। इसके अलावा मतदाताओं के लिए व्यवस्था को कैसे और आसान बनाया जा सकता है, इस पर भी विचार-विमर्श किया गया।
उन्होंने बताया कि भविष्य में उम्मीदवार नामांकन से संबंधित फार्म व अन्य दस्तावेज आयोग की वेबसाइट से ही डाउनलोड कर सकेंगे, ऐसी व्यवस्था लागू करने के लिए प्रयास जारी हैं। इससे न केवल उम्मीदवार को फायदा होगा बल्कि खर्च भी बच सकेगा।
इस मौके पर उपायुक्त उत्तम सिंह, एसडीएम अनुभव मेहता, डीडीपीओ कंचन लता आदि मौजूद रहे।