बाबा जतिंदर पाल सिंह सोढी ने केयू बाबा बंदा सिंह बहादुर चेयर को दिया 10 लाख रुपये का अनुदान
एनडी हिन्दुस्तान
कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा को जम्मू कश्मीर के बाबा जतिंदर पाल सिंह सोढी, दसवें वंशज व वर्तमान गद्दीनशीन, डेरा बाबा बंदा बहादुर रियासी द्वारा डॉ. शिव शंकर सिंह पाहवा (राष्ट्रीय अध्यक्ष, बाबा बंदा सिंह बहादुर सिख सम्प्रदाय, भारत) ने सोमवार को केयू स्थित बाबा बंदा सिंह बहादुर चेयर के लिए 10 लाख रुपये अनुदान राशि का चैक भेंट किया। इस अवसर पर कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने बाबा जितेंद्र पाल सिंह सोढ़ी का विशेष रूप से धन्यवाद करते हुए कहा कि बाबा बंदा सिंह बहादुर भारत के स्वतंत्रता संग्राम के अग्रणीय थे। उनका जीवन भारतीय युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने अपने आदर्शों के माध्यम से भारतीय संस्कृति में एक नई ऊर्जा का संचार किया।कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि बाबा बंदा सिंह बहादुर का योगदान केवल सिख इतिहास तक सीमित नहीं है, बल्कि वे संपूर्ण भारत के एक दूरदर्शी समाज सुधारक और न्यायप्रिय प्रशासक भी थे। उन्होंने कहा कि बाबा बंदा सिंह बहादुर चेयर इस अनुदान राशि का प्रयोग शोधार्थियों को सिख इतिहास के अनछुए पहलुओं पर शोध कार्य करने का अवसर प्रदान करके करेगी। इससे न केवल अकादमिक शोध को बल मिलेगा, बल्कि युवाओं को अपने गौरवशाली इतिहास से जोड़ने में भी सहायता मिलेगी।इस अवसर पर बाबा बंदा सिंह बहादुर विभाग के मौजूदा अध्यक्ष एवं पंजाबी विभाग के अध्यक्ष डॉ. कुलदीप सिंह ने कहा कि वे इस अनुदान राशि का उचित प्रयोग सिख इतिहास, सामाजिक चेतना और बाबा बंदा सिंह बहादुर के संघर्षमय जीवन एवं योगदान पर गहन शोध को प्रोत्साहित करने के लिए करेंगे। इस मौके पर बाबा बंदा सिंह बहादुर सिख सम्प्रदाय के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. शिव शंकर सिंह पाहवा मौजूद रहे।-