आमजन को बेहतर और पारदर्शी सेवाएं देने को नई सोच के साथ करें काम
मेयर ने भवन शाखा के अधिकारियों की बैठक लेकर अवैध कब्जे हटवाने व निष्पक्ष तरीके से कार्य करने के दिए निर्देश
एनडी हिन्दुस्तान
यमुनानगर। नए साल के अवसर पर नगर निगम में कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से मेयर सुमन बहमनी ने वीरवार को भवन शाखा के अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में मेयर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे नए साल में नई ऊर्जा, नई सोच और नए विजन के साथ कार्य करें, ताकि आमजन को बेहतर और पारदर्शी सेवाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि नगर निगम की छवि तभी सशक्त होगी, जब प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी ईमानदारी व निष्पक्षता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाए।मेयर सुमन बहमनी ने बैठक के दौरान भवन शाखा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। इनमें प्रॉपर्टी आईडी का अप्रूव्ड और अनअप्रूव्ड मामलों का निस्तारण, एनडीसी पोर्टल की प्रगति, जीआईएस पोर्टल से संबंधित कार्य, अवैध निर्माण और अवैध कब्जे हटाने की कार्रवाई प्रमुख रूप से शामिल रही। मेयर ने कहा कि प्रॉपर्टी आईडी से जुड़े मामलों में अनावश्यक देरी न हो और पात्र आवेदकों के कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं। जिन मामलों में दस्तावेजों की कमी है, उनकी स्पष्ट जानकारी आवेदकों को दी जाए, ताकि वे समय रहते कमी पूरी कर सकें और उन्हें अनावश्यक बार बार कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़े। मेयर ने एनडीसी और जीआईएस पोर्टल को लेकर भी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म का उद्देश्य कार्यों को सरल, तेज और पारदर्शी बनाना है। ऐसे में पोर्टल पर दर्ज शिकायतों और आवेदनों का समय पर निपटारा किया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही या टालमटोल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि जीआईएस पोर्टल के माध्यम से शहर के भवनों और संपत्तियों का सही रिकॉर्ड तैयार करना बेहद जरूरी है, जिससे भविष्य की योजनाओं को बेहतर तरीके से लागू किया जा सके। बैठक में मेयर सुमन बहमनी ने अवैध कब्जों और अवैध निर्माण के मामलों पर सख्त रुख अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में कहीं भी अवैध कब्जा या नियमों के विपरीत निर्माण नहीं होना चाहिए। ऐसे मामलों में निष्पक्षता के साथ कार्रवाई की जाए और किसी भी प्रकार के दबाव में आए बिना कानून के अनुसार निर्णय लिया जाए। मेयर ने स्पष्ट किया कि अवैध कब्जे हटाने की कार्रवाई में किसी के साथ भेदभाव न हो और नियम सभी पर समान रूप से लागू हों। इस दौरान मेयर ने भवन शाखा के अधिकारियों के सुझाव भी लिए। मेयर ने अधिकारियों से आपसी समन्वय और टीमवर्क के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नए साल में नगर निगम को नई दिशा देने के लिए सभी अधिकारियों का सकारात्मक योगदान आवश्यक है। बैठक में सहायक नगर योजनाकार दर्शन लाल, भवन निरीक्षक विशाल चौहान, भवन निरीक्षक हरेंद्र कुमार, भवन निरीक्षक अमित कुमार आदि मौजूद रहें।