क्षेत्र के लिए गौरव की बात
एनडी हिन्दुस्तान
करनाल । करनाल के रहने वाले रोहित जागलान की कप्तानी में 72 वें सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप में रेलवे की टीम ने गोल्ड मेडल जीत कर अपना परचम लहराया है। सोमवार को सिविल लाइन के एसएचओ राम लाल ने रेलवे स्टेशन पहुँच कर टीम के सदस्यों सहित मुख्य अधीक्षक महेंद्र सिंह को बधाई दी।एसएचओ राम लाल ने कहा कि यह हमारे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है कि इस वॉलीबॉल टीम के बहुत से सदस्य करनाल से सम्बंधित है। कप्तान रोहित जागलान और उपकप्तान अमन चौधरी के नेतृत्व मे बनारस में आयोजित हुए इस टूर्नामेंट में 30 से अधिक टीमों ने भाग लिया। गत सप्ताह भर चले इस टूर्नामेंट का फाइनल मैच केरल व रेलवे की टीम के बीच था। रोमांचक मुकाबले में रेलवे की टीम ने विजय हासिल की।उन्होंने बताया कि टीम के होनहार खिलाड़ी गौरव भी इसी क्षेत्र से सम्बंधित है। उन्होंने कहा कि रेलवे की जीत अन्य खिलाड़ियों को भी प्रेरणा देगी। इस प्रकार के प्रदर्शन से अन्य युवा भी खेलो से जुड़ेंगे और नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवन जीने के प्रति प्रेरित होंगे। उन्होंने कहा कि अधिकारियो व कर्मचारियों को भी खेलो से जुड़ना चाहिए और दैनिक जीवन के तनाव को दूर कर स्वस्थ जीवन को अपनाना चाहिए।