एनडी हिन्दुस्तान
यमुनानगर। नगराधीश-सह-नोडल अधिकारी जनगणना पीयूष गुप्ता ने बताया कि जनगणना की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए जिमखाना क्लब के सभागार में फील्ड ट्रेनर्स के लिए एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम के द्वितीय चरण का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 18 मार्च 2026 तक तीन दिनों तक चलेगा। कार्यक्रम का आयोजन उपायुक्त प्रीति के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण सत्र में जिला जनगणना समन्वय अधिकारी निधि भाटिया तथा मास्टर ट्रेनर सुखबीर सिंह व सुरेंद्र कुमार राठी द्वारा फील्ड ट्रेनर्स को जनगणना से जुड़े विभिन्न प्रशासनिक, तकनीकी और प्रबंधन से संबंधित पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान फील्ड ट्रेनर्स को बताया गया कि जनगणना की प्रक्रिया क्या होती है, इसकी प्रशासनिक संरचना किस प्रकार कार्य करती है तथा विभिन्न स्तर पर जिम्मेदारियों का निर्धारण कैसे किया जाता है।जिला सांख्यिकी अधिकारी राज कुमार हुड्डा ने प्रशिक्षण में यह भी अवगत कराया कि जनगणना कार्य को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण आयोजित किए जा रहे है। सबसे पहले जनगणना प्रशिक्षण और मास्टर ट्रेनर का प्रशिक्षण पूरा किया जा चुका है। इसके बाद जिले के चार्ज अधिकारियों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया है। आगामी चरण में अप्रैल माह के दौरान गणनाकार और सुपरवाइजर का प्रशिक्षण भी आयोजित किया जाएगा।