एनडी हिन्दुस्तान
कुरुक्षेत्र। राष्ट्रीय सेवा योजना जहां एक ओर आत्मविश्वास पैदा करता है वहीं दूसरी और विद्यार्थियों में नेतृत्व के गुण भी पैदा करता है। हास्य नेतृत्व के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करता है। वर्तमान दौर में बढ़ते तनाव एवं एकाकीपन को दूर करने के लिए लोग हास्य का सहारा लेते हैं। हास्य से छात्रों में नेतृत्व की क्षमता का विकास होता है। यह उद्गार जनसंचार एवं मीडिया प्रौद्योगिकी संस्थान के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया ने कम्यूनिटी सेंटर में चल रहे सात दिवसीय एनएसएस शिविर में विद्यार्थियों को सम्बोधित करते हुए कहे।प्रो. पूनिया ने कहा कि हास्य जीवन का मूल आधार है। हास्य से छात्रों के व्यक्तित्व में पारदर्शिता, ईमानदारी, जिम्मेवारी, सहजता, सरलता एवं सर्वांगीण विकास होता है। हरियाणवी लोक जीवन में हास्य कदम-कदम पर बिखरा हुआ पड़ा है। लोक साहित्य की सभी विधाओं में हास्य कूट-कूट कर भरा हुआ है। मानव के मनोवैज्ञानिक विकास में हास्य विधा का महत्वपूर्ण योगदान है। यह विधा व्यक्ति के व्यक्तित्व को निखार कर उसको नेतृत्व क्षमता प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। राष्ट्रीय सेवा योजना के विद्यार्थी अपने लिए नहीं अपितु समाज के लिए जीते हैं। प्रो. पूनिया ने कहा कि हमें राष्ट्र सर्वोपरि की भावना से कार्य करना चाहिए। राष्ट्रीय सेवा योजना समाज कल्याण के क्षेत्र में वर्षो से जहां एक ओर छात्रों को मंच प्रदान कर रही है वहीं पर दूसरी ओर सामाजिक बुराइयों के निवारण में महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर रही है। इस अवसर पर सेवा योजना के छात्रों ने सामाजिक बुराईयों पर आधारित रील बनाकर उनके निराकरण कर संदेश भी दिया। कार्यक्रम के प्रभारी डॉ. सचिन ने डॉ. महासिंह पूनिया को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर डॉ. अभिलाषा सहित अनेक शिक्षक उपस्थित रहे।