सब जूनियर में 4-1 और जूनियर में 3-2 गोल से कुरुक्षेत्र ने हराया करनाल को
खिलाडिय़ों को प्रोत्साहित करने के लिए हुए प्रदर्शनी मैच
न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र। द्रोणाचार्य स्टेडियम में करनाल और कुरुक्षेत्र की टीमों के बीच में प्रदर्शनी मैचों का आयोजन किया गया। इन मैचों में कुरुक्षेत्र की टीमों ने सहजता से करनाल की टीमों को परास्त करने में सफलता हासिल की है। इन मैचों में हाकी खिलाड़ी अमितोज सिंह, प्रिंस, पार्थ और विक्रम ने कुरुक्षेत्र की तरफ से शानदार खेल का प्रदर्शन किया। द्रोणाचार्य स्टेडियम में गत्त देर सायं 12 वर्ष से कम आयुवर्ग के सब जूनियर वर्ग में करनाल और कुरुक्षेत्र की टीमों के बीच में पहला मैच खेला गया। इस मैच में कुरुक्षेत्र की टीम ने करनाल की टीम को 4-1 गोल के अंतर से पराजित किया। इस मैच में हाकी खिलाड़ी अमितोज सिंह, प्रिंस, पार्थ और विक्रम ने कुरुक्षेत्र की टीम को विजय दिलवाने में अहम भूमिका निभाई है।
इस प्रदर्शनी मैच के 14 वर्ष से कम आयुवर्ग के जुनियर वर्ग में कुरुक्षेत्र की टीम ने करनाल की टीम को 3-2 गोल के अंतर से पराजित किया। इस मैच में दोनों टीमों के खिलाडिय़ों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। वरिष्ठ हाकी प्रशिक्षक एवं साई प्रभारी गुरविन्द्र सिंह ने कहा कि करनाल से हाकी कोच राकेश कुमार के नेतृत्व में प्रदर्शनी मैचों का आयोजन किया गया। इन दोनों मैचों में कुरुक्षेत्र की टीमों ने जीत हासिल की है। इस प्रकार के प्रदर्शनी मैचों से खिलाडिय़ों का अभ्यास होता है और प्रोत्साहन भी मिलता है। इन मैचों का आयोजन हाकी कोच सोहन लाल की देखरेख में किया गया। इस मौके पर हाकी कोच नेहा शर्मा व सुदेश शर्मा आदि प्रशिक्षक उपस्थित थे।