तीन कंपनियों के पास 5 किलों के 998 सिलेंडर है स्टॉक में
5454 उपभोक्ताओं को वितरित किए गैस सिलेंडर
जल्द से जल्द पीएनजी कनेक्शन के लिए करे आवेदन
एनडी हिन्दुस्तान
कुरुक्षेत्र । उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि शहर में पीएनजी गैस पाइप लाइन बिछाने के लिए 4 जगहों के लिए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को एनओसी जारी करने के निर्देश दिए गए है। इन 4 जगहों पर एचपीओएल एजेंसी की तरफ से जल्द ही पाइप लाइन बिछाई जाएगी और जल्द ही लोगों को पीएनजी गैस का लाभ मिलेगा।उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने मंगलवार को लघु सचिवालय एनआईसी कार्यालय में अधिकारियों की बैठक ली। इससे पहले हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए अधिकारियों को कुछ आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस बैठक में डीएफएससी नरेश कुमार ने पीएनजी गैस और घरेलू गैस की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की है। उपायुक्त ने कहा कि पीएनजी गैस पाइप लाइन के लिए किरमच रोड, झांसा रोड, मां भद्रकाली मंदिर से विश्वविद्यालय थर्ड गेट तक तथा ज्योतिसर अनुभव केंद्र से ज्योतिसर गुरुकुल तक एनओसी की फाइल लोक निर्माण विभाग के पास लंबित है। इन 4 जगहों के लिए जल्द ही एनओसी जारी करने के निर्देश दिए है। इन 4 जगहों पर जल्द ही कार्य शुरू करने के भी निर्देश दिए गए है ताकि लोगों को घर में ही पाइप लाइन के जरिए गैस उपलब्ध हो सके।उन्होंने कहा कि प्रशासन की तरफ से हाल में ही समाजसेवी संस्थाओं व आरडब्लयूए से भी चर्चा की गई है और सहयोग की अपील भी की गई है। इसके साथ ही शहर की 34 कॉलोनियों व सेक्टरों में पीएनजी की पाइप लाइन पहुंचाई जा चुकी है। इन क्षेत्रों के नागरिक अपने-अपने घरों में पीएनजी की सप्लाई के लिए कनेक्शन लगवाना सुनिश्चित करें। इन क्षेत्र के लोगों की सरकार की तरफ से आने वाले समय में सिलेंडर की सप्लाई बंद की जा सकती है। ऐसे में समय रहते पीएनजी सप्लाई शुरू करवाएं। घरों के साथ-साथ धर्मशाला, मंदिर, गुरुद्वारा और अन्य संस्थानों में भी कनेक्शन लगवाना सुनिश्चित किया जाएगा।तीन कंपनियों के पास 5 किलो के 998 सिलेंडर है स्टॉक मेंउपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की रिपोर्ट के अनुसार कुरुक्षेत्र जिले में एचपीसीएल की 6 एजेंसियों के पास 5 किलो के 194 सिलेंडर है, जबकि बीपीसीएल कंपनी की 9 एजेंसियों के पास 413, आईओसीएल की 12 एजेंसियों के पास 391 गैस सिलेंडर स्टॉक में है। इस प्रकार इस जिले में कुल 998, 5 किलो के गैस सिलेंडर स्टॉक में है।
उन्होंने कहा कि अप्रवासी मजदूरों को गैस सिलेंडर की दिक्कत नहीं आने दी जाएगी। अगर किसी अप्रवासी मजदूर को 5 किलो गैस सिलेंडर में कोई दिक्कत आ रही है तो सम्बन्धित अप्रवासी मजदूर विभाग के हेल्प डेस्क फोन नंबर 01744-294418 पर सम्पर्क कर सकता है। इस जिले में गैस की कोई कमी नहीं है।5454 उपभोक्ताओं को वितरित किए गैस सिलेंडरउपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने विभागीय रिपोर्ट पर जानकारी देते हुए कहा कि कुरुक्षेत्र जिले में घरेलू गैस की कोई दिक्कत नहीं है। उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस उपलब्ध करवाई जा रही है और प्रयास किया जा रहा है कि घरेलु गैस की बुकिंग निर्धारित समय पर हो रही है और होम डिलीवरी भी एजेंसी के माध्यम से की जा रही है, 6 अप्रैल को एजेंसियों के पास 4183 सिलेंडर स्टॉक में थे और 4383 सिलेंडर और प्राप्त हुए। इस प्रकार कुल 8346 सिलेंडरों में से 5454 सिलेंडर उपभोक्ताओं को वितरित किए गए है और एजेंसियों के पास 2892 सिलेंडर स्टॉक में थे। इस प्रकार इस जिले में उपभोक्ताओं को अफवाहों पर ध्यान देने की जरूरत नहीं है। लोगों को सुचारू रूप से गैस उपलब्ध करवाई जा रही है।