आशा वर्कर्स की मांगों पर सकारात्मक चर्चा
एनडी हिंदुस्तान
चंडीगढ़। आशा वर्कर्स यूनियन हरियाणा (रजिस्ट्रेशन नंबर-1919) का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को अपनी विभिन्न मांगों और समस्याओं को लेकर सुबह 11 बजे स्वास्थ्य मंत्री से मिला। इसके बाद दोपहर 2 बजे प्रतिनिधिमंडल की स्वास्थ्य विभाग के मिशन निदेशक के साथ भी विस्तृत वार्ता हुई। दोनों बैठकों में आशा वर्कर्स की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और उनके समाधान का आश्वासन दिया गया।प्रतिनिधिमंडल में यूनियन की हरियाणा राज्य प्रधान सुनीता, उपप्रधान रानी, सह सचिव सुदेश, अनीता तथा राज्य कमेटी सदस्य वंदना शामिल रहीं। बैठक के दौरान आशा वर्कर्स को पक्का कर्मचारी बनाए जाने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि 31 दिसंबर 2025 के सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के अनुसार 10 वर्ष की सेवा पूरी कर चुके कर्मचारियों और मजदूरों को नियमित किया जाना चाहिए। इस मांग पर स्वास्थ्य मंत्री ने आशाओं के पक्ष को गंभीरता से सुना और सहमति जताई।स्वास्थ्य मंत्री तथा मिशन निदेशक द्वारा मांगों और समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिए जाने के बाद आशा वर्कर्स यूनियन हरियाणा ने 28 मई को रेवाड़ी में प्रस्तावित प्रदर्शन को स्थगित करने का निर्णय लिया है।यूनियन ने वर्ष 2023 की 73 दिन चली हड़ताल के दौरान काटे गए मानदेय का भुगतान, जननी सुरक्षा योजना और आयुष्मान आरोग्य मंदिर से संबंधित रोके गए मानदेय की बहाली, केंद्र सरकार द्वारा घोषित 1500 रुपये की बढ़ोतरी का एरियर सहित भुगतान, मेडिकल एवं मैटरनिटी लीव, परिवार सहित स्वास्थ्य सुविधा, मानदेय भुगतान स्लिप तथा त्योहार भत्ता (बोनस) दिए जाने की मांग दोहराई।