E-20 नीति तुरंत रद्द करे सरकार : हुड्डा
सरकार ही मिलावटी तेल बेच रही,हुड्डा का आरोप
महंगा पेट्रोल, घटता माइलेज और बढ़ता मेंटेनेंस खर्च
E-20 पर स्वतंत्र विशेषज्ञ समिति की रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग
पुराने वाहनों के लिए सुरक्षा और मुआवजा नीति बनाने की मांग
सस्ता कच्चा तेल, फिर भी भारत में महंगा पेट्रोल-डीजल : हुड्डा
एनडी हिंदुस्तान
चंडीगढ़। सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने केंद्र सरकार की E-20 इथेनॉल ब्लेंडिंग नीति का विरोध करते हुए इसे तत्काल वापस लेने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार महंगा और मिलावटी ईंधन बेचकर आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रही है। हुड्डा ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के बावजूद देश में पेट्रोल-डीजल के दाम कम नहीं किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि E-20 ईंधन से पुराने वाहनों के माइलेज में कमी, इंजन और फ्यूल सिस्टम पर प्रतिकूल प्रभाव तथा रखरखाव खर्च बढ़ने जैसी शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने मांग की कि E-20 नीति के तकनीकी, आर्थिक और पर्यावरणीय प्रभावों पर स्वतंत्र विशेषज्ञ समिति की रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए। साथ ही जिन वाहनों पर इस नीति का प्रतिकूल असर पड़ सकता है, उनके मालिकों के लिए सुरक्षा और मुआवजा नीति बनाई जाए। हुड्डा ने सरकार से पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के दाम घटाकर जनता को महंगाई से राहत देने की भी मांग की।