कपूरथला में 5 दिन का एसएसबी इन्टरव्यू पास किया
राज्यपाल आचार्य देवव्रत सहित गुरुकुल प्रबंध समिति ने दी बधाई
न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र। गुरुकुल कुरुक्षेत्र में 12वीं कक्षा के छात्र कौशिल कपूर अब जल्द ही भारतीय सेना की लेफ्टिनेंट की वर्दी पहनकर देश सेवा में योगदान देंगे। कौशिल कपूर ने 20 से 24 फरवरी तक कपूरथला में चले एस.एस.बी इन्टरव्यू में सफलता प्राप्त की जिसके साथ ही उनका भारतीय सेना में उच्च अधिकारी बनने का सपना पूरा हुआ। यह जानकारी गुरुकुल के निदेशक व प्राचार्य कर्नल अरुण दत्ता ने दी। उन्होंने बताया कि कौशिल कपूर के एस.एस.बी इन्टरव्यू में उत्तीर्ण होने की सूचना से पूरे गुरुकुल में जश्न का माहौल है। गुरुकुल के प्रधान कुलवन्त सैनी, सह प्राचार्य शमशेर सिंह सहित सभी अध्यापक कौशिल कपूर के चयन पर उत्साहित हैं। वहीं गुजरात के राज्यपाल एवं गुरुकुल के संरक्षक आचार्य देवव्रत ने भी कौशिल कपूर के एनडीए में चयन पर गुरुकुल व कौशिल कपूर के परिवार को बधाई दी।
मूलरूप से हरियाणा के यमुनानगर निवासी कौशिल कपूर के पिता सुरेंद्र सिंह भारतीय सेना में सूबेदार हैं। बचपन से ही कौशिल के मन में भारतीय सेना के प्रति एक सम्मान भाव रहा है। गुरुकुल में प्रवेश के साथ ही उसने सेना में एक उच्च अधिकारी बनने का अपना लक्ष्य निर्धारित किया, जो अब पूरा हुआ है। प्राचार्य कर्नल अरूण दत्ता ने बताया कि संघ लोक सेवा आयोग द्वारा 6 सितम्बर 2020 को एनडीए की लिखित परीक्षा ली गई थी जिसमें कौशिल ने सफलता अर्जित की। उसके बाद हाल ही में कौशिल का कपूरथला में पांच दिन का एस.एस.बी साक्षात्कार हुआ और उसमें कौशिल कपूर को साक्षात्कार बोर्ड ने सेना में लेफ्टिनेंट के लिए योग्य पाया। अब जल्द ही गुरुकुल का यह छात्र लेफ्टिनेंट की ट्रेनिंग हेतु राष्ट्रीय रक्षा अकादमी, खड़गवासला, पुणे जाएगा।