न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के सेंटर फार आईटी एंड आटोमेशन तथा कोडकोशंट(रूसा प्रोजेक्ट सोसाईटी) के संयुक्त तत्वाधान में चार माह के लाईव ऑनलाईन कोर्स इंडस्ट्री इंटिग्रेटिड प्रोग्राम इन सॉफ्टवेयर डेवलेपमेंट में 26 अप्रैल से आवेदन किए जा सकते हैं।
लोक सम्पर्क विभाग के उप-निदेशक डॉ. दीपक राय बब्बर ने बताया कि यह कोर्स (50 सीट) एक वर्ष का होगा जिसमें 4 महीने ऑनलाईन पढाई होगी व 8 महीने की इंटर्नशिप होगी। उन्होने बताया कि इस कोर्स के लिए आनलाईन पंजीकरण 26 अप्रैल से शुरू होकर 15 मई तक किया जा सकेगा।
कोर्स में दाखिले के लिए आनलाईन एसेसमेंट टेस्ट 17 मई को होगा ,जबकि साक्षात्कार 20 मई को आयोजित किया जाएगा जिसका परिणाम 22 मई को घोषित किया जाएगा। इस कोर्स के लिए कोई अग्रिम शुल्क नहीं लिया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को रिफंडेबर सिक्योरिटी के रूप में 5000 रूपये जमा करने होंगे जबकि कोर्स की फीस जो कि 32000 रूपये है वो प्लेसमेंट के बाद देनी होगी।
डॉ. दीपक राय ने बताया कि कोर्स के लिए चयनित विद्यार्थियों का बैच 25 मई से शुरू होगा। उन्होंने बताया कि आवेदकों को सी/सी प्लस-प्लस/जावा/पायथोन की प्रोग्रामिंग का अच्छा ज्ञान होना आवश्यक है। आवेदक इस कोर्स से संबंधित अधिक जानकारी कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की वेबसाईट से प्राप्त कर सकता है।