कोविड महामारी के बीच अब जाकर नियमों की याद आई भारतीय चुनाव आयोग को
न्यूज डेक्स इंडिया
दिल्ली। जिन राज्यों में दो मई को चुनाव परिणामों की घोषणा होगी,वहां विजय जुलूसों पर प्रतिबंध रहेगा। यह आदेश कोरोना महामारी के चलते भारतीय चुनाव आयोग ने दिए हैं। चुनाव आयोग ने स्पष्ट कर दिया है कि विजय जुलूसों पर पूर्णतय प्रतिबंध रहेगा और निर्वाचन पत्र लेने के लिये विजय उम्मीदवार या उसके प्रतिनिधि के साथ केवल दो लोग ही जा सकेंगे।
काबिलेगौर है कि गत दिवस मद्रास हाईकोर्ट ने भारतीय चुनाव आयोग को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा था कि कोरोना फैलने के लिये भारतीय चुनाव आयोग जिम्मेदार है और हाईकोर्ट ने चुनाव आयोग के लिये हत्यारा शब्द तक का उपयोग किया था। इसके बाद अब भारतीय चुनाव आयोग ने यह आदेश जारी किये हैं।
कोविड महामारी के बीच जिन राज्यों में चुनाव हुए वहां केंद्र सरकार द्वारा जारी दिशानिर्देशों का पालन नहीं हुआ और चुनाव रैलियों भारी भीड़ जमा हुई थी।इसको लेकर देशभर में आलोचना हुई,लेकिन चुनाव आयोग ने कोई भी कड़ा कदम नहीं उठाया और हाईकोर्ट की तल्ख टिप्पणी के बाद अब जाकर भारतीय चुनाव आयोग को कोविड महामारी की हिदायतों की याद आई। दो मई को देश के पांच राज्यों में बंगाल,तमिलनाडु,असम,मणिपुर और पुडुचेरी की 824 विधानसभा सीटों पर चुनावों के बाद परिणाम घोषित होने हैं।