भाजपा सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों का झूठा श्रेय लेने का प्रयास करते रहते हैं चंद्रमोहन : हरेंद्र मलिक
तथ्यों के साथ दिया मलिक ने पूर्व उपमुख्यमंत्री चंद्रमोहन के झूठ का जवाब
न्यूज डेक्स संवाददाता
पंचकूला। पूर्व उपमुख्यमंत्री चंद्रमोहन ने हमेशा जनता से झूठ बोलकर गुमराह व झूठे वायदे करने के अलावा कुछ नहीं किया। जिसका सबसे बड़ा व ताज़ा उदाहरण आज समाचार पत्रों में छपा पूर्व उपमुख्यमंत्री चंद्रमोहन का बयान है की सेक्टर-19 पंचकुला में बन रहा ROB कांग्रेस सरकार की देन है। समाचार पत्रों में छपी खबर का खंडन करते व उस पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए वार्ड नंबर 8 से पार्षद एवं भाजपा के जिला उपाध्यक्ष हरेंद्र मलिक ने पूर्व उपमुख्यमंत्री चंद्रमोहन पर झूठ की राजनीति करने व दूसरों के किए कार्यों का झूठा श्रेय लेने का आरोप लगाया।
मलिक ने चंद्रमोहन पर सेक्टर 19 में बन रहे ROB पर झूठ फैलाने का आरोप लगाते हुए व तथ्यों के साथ सच्चाई सामने लाते हुए कहा कि कांग्रेस शासन काल में विधानसभा में तत्कालीन पीडब्ल्यूडी मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणदीप सुरजेवाला ने पूर्व विधायक डी के बंसल के सवाल का जवाब देते हुए कहा था कि यह ROB किसी भी हाल में नहीं बन सकता है।