न्यूज डेक्स बिहार
पटना। छपरा एंबुलेंस प्रकरण से सुर्खियों में चल रहे पूर्व सांसद एवं जन अधिकार पार्टी के चीफ पप्पू यादव को पटना पुलिस ने लाकडाउन के नियम तोड़ने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस के डीएसपी ने पुलिस बल के साथ उन्हें हिरासत में लिया। यहां ध्यान देने वाली बात ये है कि देशभर में जहां कोरोना केस बढ़ने से हालात बदतर हैं,वहीं बिहार में भी यही हाल है और कोरोना मरीजों एवं उनके परिजनों की मदद के लिए पप्पू यादव लगातार 2020 में भी काफी सक्रिय दिखे थे और दूसरी लहर में भी उनकी गतिविधियां लोगों की सहायता के लिए चल रही हैं।
पप्पू यादव की गिरफ्तारी से चर्चा यही है कि उन्होंने पिछले दिनों छपरा एंबुलेंस प्रकरण का खुलासा किया था,उसकी वजह से सत्ता पक्ष के कुछ प्रभावशाली लोग खफा थे। मंगलवार को सुबह पप्पू यादव की गिरफ्तारी की खबर के साथ पप्पू यादव समर्थक भी गुस्से में है। उनके समर्थकों का कहना है कि पटना स्थित उनके आवास पर टाउन डीएसपी पुलिस की टीम के साथ पहुंचे थे और उन पप्पू यादव पर लाकडाउन नियमों को तोड़ने की बात कह कर हिरासत में ले लिया। पुलिस ने भी पप्पू यादव की गिरफ्तारी के बारे में पुष्टि कर दी है।
हिरासत में लिए जाने के बाद पुलिस पप्पू यादव को पटना के बुद्धा कॉलोनी थाना ले गई है। पप्पू यादव पर सरकारी काम में बाधा डालने और लॉकडाउन नियम तोड़ने के आरोप लगाए गगए हैं। जानकारी यह भी प्राप्त हुई है कि पप्पू यादव बगैर सरकारी पास के मंगलवार की सुबह पीएमसीएच के कोविड वार्ड में घुसे थे। उन्होंने अपने क्षेत्र मधेपुरा जाने का भी कार्यक्रम बनाया हुआ था।