उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने किया शहीद उद्यम सिंह मैमोरियल आफिस का उद्घाटन
न्यूज डेक्स संवाददाता
शाहबाद 14 अगस्त हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि राज्य सरकार की शहरों की लाइब्रेरी को मॉडल लाइब्रेरी के रूप में स्थापित कर रही है, लेकिन अब सरकार ग्रामीण क्षेत्रों की लाइब्रेरी को भी मॉडल लाइब्रेरी के रूप में विकसित करेगी। जब गांव और शहरों की लाइब्रेरी में अच्छी गुणवत्ता की पाठय सामग्री और सुविधाएं होगी तो युवाओं को सामान्य ज्ञान के साथ-साथ अपने इतिहास और आसपास के क्षेत्र को जानने का मौका मिलेगा और प्रदेश के युवा सामान्य ज्ञान में निपुण हो सकेंगे।
उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला शुक्रवार को शाहबाद में शहीद उद्यम सिंह मैमोरियल सोसाएटी की तरफ से आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। इससे पहले उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला,जजपा के प्रदेशाध्यक्ष निशान सिंह, शाहबाद के विधायक रामकरण काला, सोसाएटी के अध्यक्ष अमनदीप सिंह काम्बोज ने शहीद उद्यम सिंह की प्रतिमा पर पुष्प माला अर्पित की और इस प्रतिमा के साथ ही पौधा रोपण कर समाज को पर्यावरण स्वच्छ बनाने का संदेश दिया।
इसके उपरांत उपमुख्यमंत्री ने शहीद उद्यम सिंह मैमोरियल सोसाएटी के कार्यालय का उदघाटन किया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने सोसाएटी की लाइब्रेरी को मॉडल और डिजिटल लाइब्रेरी बनाने के लिए 11 लाख रुपए की अनुदान राशि देने की घोषणा की और उपमुख्यमंत्री ने बराडा चौक का नाम शहीद उद्यम सिंह चौक करने के प्रस्ताव को तैयार करने के लिए उपमंडल प्रशासन को आदेश दिए और इसके साथ ही कहा कि आगामी 2 या 3 दिनों में सडक की मांग को पूरा करने का आश्वासन दिया।
इस कार्यक्रम शहीद उद्यम सिंह सोसाएटी की तरफ से प्रधान अमनदीप सिंह काम्बोज, उपप्रधान सूबेग सिंह, सचिव सतविन्द्र सिंह, कोषाध्यक्ष सुखविन्द्र सिंह, सुखविन्द्र सिंह किशनगढ, जगीर सिंह, कुलदीप सिंह ने उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला,जजपा के प्रदेशाध्यक्ष निशान सिंह और विधायक रामकरण काला को स्मृति चिन्ह और शाल भेंट कर सम्मानित किया। इस कार्यक्रम के बाद उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला शाहबाद में ही विधायक रामकरण काला के निवास पर भी पहुंचे और कार्यकर्ताओं से अपने मन की बात को सांझा किया।
उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने शहीद उद्यम सिंह मैमोरियल सोसाएटी के सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शहीदों को याद करना और उनके सम्मान में लाइब्रेरी और पौधा रोपण जैसे कार्यक्रमों का आयेाजना करना एक सराहनीय कार्य है, इस प्रकार के कार्यक्रमों से युवा पीढी को शहीदों के जीवन के बारें में जानने का अवसर भी मिलता है। उन्होंने कहा कि शहीद उद्यम सिंह ने 2 दशकों की तपस्या के बाद विदेश में जाकर जलिया वाले बाग में शहीद हुए लोगों का बदला लिया।
उन्होंंने कहा कि प्रदेश सरकार गांव में लाइब्रेरी को मॉडल लाइब्रेरी बनाने का काम करेगी, इसलिए शहीद उद्यम सिंह मैमोरियल सोसाएटी को प्रशासन के साथ मिलकर डिजिटल लाइब्रेरी के रूप में विकसित करना चाहिए ताकि आने वाले समय में शाहबाद में यह लाइब्रेरी एक एजूकेशन सैंटर के रूप में विकसित हो और शहर की नौजवान पीढी को इसका फायदा मिले। इसके बाद उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने गांव खैरा में लोगों की समस्याओं को सुना और अधिकारियों को उनका समाधान करने के लिए सख्त आदेश भी दिए।
प्रदेशाध्यक्ष निशान सिंह ने शहीद उद्यम सिंह के बलिदान पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि शहीद उद्यम सिंह शहीद होने वाले वीरों की श्रेणी में सबसे पहली पंक्ति में आते है। शहीद उद्यम सिंह 21 साल तक अपने जहन में जलिया वाले बाग में शहीद हुए लोगों का बदला लेने के लिए तपस्या की और विदेश में जाकर अपना बदला लिया और स्वयं को पुलिस के हवाले कर दिया। इस शहीदे आजम की याद में इस प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन करने से समाज के लोगों को प्रेरणा मिलती है।
विधायक रामकरण काला ने कहा कि शहीद उद्यम सिंह मैमोरियल सोसाएटी के तमाम मांगों को उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के माध्यम से पूरा किया जाएगा। सोसाएटी के अध्यक्ष अमनदीप सिंह काम्बोज ने मेहमानों का स्वागत किया और सोसाएटी की तमाम गतिविधियों को सबके समक्ष रखा। इस मौके पर हजूर सिंह मसाना, जत्थेदार सज्जन सिंह,जजपा नेता योगेश शर्मा, चेयरमैन गुददीप सिंह, उपचेयरमैन कैप्टन कृपाल सिंह, डा. रघुबीर सिंह, करनैल सिंह, बचन सिंह, राम सिंह, गुरदयाल सिंह, जगीर सिंह, परमिन्द्र सिंह संधू कल्याणा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।