20 महिला व 37 पुरूषों के खिलाफ धोखाधड़ी करने का मामला दर्ज
न्यूज डेक्स संवाददाता
जींद।समाज कल्याण विभाग में एक कर्मचारी पर पिछले लंबे समय से लोगों के साथ सांठ गांठ कर पेंशन बनाने का मामला अब जगजाहिर हो गया है। भिवानी के समाज कल्याण अधिकारी कृष्ण लाल की शिकायत पर रजाना कलां गांव के 57 लोगों पर फर्जी दस्तावेज जमा करवा कर पेंशन लेने के आरोप में पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस इन लोगों से अब पूछताछ करेगी।
इस मामले को उजागर करने में रजाना कलां निवासी दलबीर ने पिछले तीन माह तक विभाग के साथ लड़ाई लड़ी, लेकिन वहां इन फर्जी तरीके से पेंशन लेने वालों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई तो मामले को लेकर वह अदालत में पहुंचे इसके बाद वीरवार को 57 लोगों पर मामला दर्ज हुआ।रजाना कलां निवासी दलबीर ने पांच फरवरी को समाज कल्याण विभाग में शिकायत देकर गांव के सरपंच पर गलत दस्तावेजों के आधार पर पेंशन बनाने का आरोप लगाया था।
इसके बावजूद जिला समाज कल्याण विभाग ने इन लोगों पर कोई कार्रवाई नहीं की तो शिकायतकर्ता ने विभाग में आरटीआई लगाकर इन लोगों के दस्तावेजों को निकलवाकर जांच की तो इसमें 74 लोगों की पेंशन में फर्जीवाड़ा उनको मिला।हालांकि इनमें से 17 लोगों की पेंशन नहीं मिल रही थी और एक व्यक्ति का नाम दो बार था। इसके बाद उन्होंने इन लोगों की आयु की जांच के लिए स्कूल में आरटीआई लगाकर आयु से संबंधित दस्तावेज निकलवाए तो इनमें से ज्यादातर की आयु नहीं मिली और पेंशन बनवाने के लिए लगाए गए सभी दस्तावेज झूठे मिले।
अदालत में मामला जाने के बाद मुख्यालय को विभाग में चल रही फर्जी तरीके से पेंशन बनवाने के बारे में जानकारी मिली। इसको लेकर जिला समाज कल्याण अधिकारी समेत सभी कर्मचारियों को मुख्यालय में तलब किया गया था। जहां परइस पूरे मामले के बारे में समाज कल्याण विभाग के सभी अधिकारियों के बयान लिए गए। वहां पर सभी ने इस मामले का ठिकरा पिल्लूखेड़ा खंड के सीटिंग अधिकारी के सिर पर फोड़ा था।