न्यूज डेक्स मध्यप्रदेश
भोपाल। प्रदेश में एक जून से अनलॉक की प्रक्रिया शुरू हो रही है। ऐसे में कोरोना के कारण बंद पड़ी अंतरराज्यीय बस परिवहन सेवा को भी अनलॉक करने पर सरकार विचार कर रही है। इस बात के संकेत राजधानी में शनिवार को मीडिया से बातचीत करते हुए राज्य के राजस्व एवं परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने दिए। परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा है कि मध्यप्रदेश में अंतरराज्जीय एवं जिलेवार परिवहन को शुरू करने के लिए प्रक्रिया जल्द शुरू की जाने वाली है।
उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जो जिम्मेदारी दी थी, उस पर परिवहन विभाग खरा उतरा है। उस समय जब प्रदेश में ऑक्सीजन की डिमांड ज्यादा थी, उस दौरान परिवहन विभाग के सभी अफसरों और कर्मचारियों ने बड़ी जवाबदेही के साथ इस चुनौती को स्वीकार किया और उसे समय पर पूरी ईमानदारी के साथ पूरा किया।
इसके लिए पूरा विभाग बधाई का पात्र है। बस सेवा के विस्तार और ऑनलाक के सवाल पर परिवहन और राजस्व मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि क्राइसिस मैनेजमेंट कमेटी के सुझावों के आधार पर मंत्री समूह इस पर निर्णय लेगा। उन्होंने कहा कि परिवहन किस तरह शुरू करना है इसको लेकर हमारा विभाग मुख्यमंत्री से चर्चा के बाद निर्णय करेगा।