1 करोड़ लोगों को प्रतिदिन लगाई जाए वैक्सीन : अशोक अरोड़ा
न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र।
पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांगे्रसी नेता अशोक अरोड़ा तथा लाडवा के विधायक मेवा सिंह नेतृत्व में कोविड गाइडलाइन का पालन करते हुए कांग्रेसियों के शिष्टमंडल ने उपायुक्त के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन देकर मांग की है कि देशवासियों को प्रतिदिन 1 करोड़ वैक्सीनेशन लगाना सुनिश्चित किया जाए और इसके साथ-साथ प्रत्येक नागरिक को यूनिवर्सल मुफ्त वैक्सीनेशन दिया जाए। शिष्टमंडल ने यह ज्ञापन नगराधीश निशा यादव को सौंपा।
ज्ञापन में आरोप लगाया है कि मोदी सरकार ने कोरोना से लडऩे की अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ते हुए लोगों को उनके हाल पर छोड़ दिया है। केन्द्र की भाजपा सरकार कोविड-19 के आपराधिक कुप्रबंधन की दोषी है। मोदी सरकार की वैक्सीनेशन की रणनीति एक खतरनाक कॉकटेल है। कोई नीति इस बारे में नहीं बनाई गई। इतना ही नहीं भाजपा सरकार वैक्सीन की खरीद से भी बेखबर रही। केन्द्र सरकार ने जानबूझ कर लोगों को उनके रहमोकर्म पर छोड़ दिया है। एक ही वैक्सीन के लिए अलग-अलग कीमतें तय की गई हैं ताकि आपदा में आम आदमी से लूट की जा सके।
ज्ञापन में कहा गया है कि जहां विश्व के अन्य देशों ने मई 2020 से वैक्सीन खरीदने की ऑर्डर देने शुरू कर दिए थे, वहीं मोदी सरकार इसमें विफल रही और केन्द्र सरकार ने वैक्सीन खरीदने का पहला ऑर्डर जनवरी 2021 में जाकर दिया। 140 करोड़ की जनसंख्या के लिए आजतक केवल 39 करोड़ वैक्सीन खुराकों का ऑर्डर दिया गया है।
मोदी सरकार द्वारा वैक्सीन के लिए तय की गई अलग-अलग कीमतें लोगों की पीड़ा से मुनाफाखोरी का एक और उदाहरण है। सीरम इंस्टीट्यूट की कोविडशील्ड एक खुराक की कीमत मोदी सरकार के लिए 150 रुपए, राज्य सरकारों के लिए 300 रुपए और प्राइवेट अस्पतालों के लिए 600 रुपए है। इसी प्रकार भारत बॉयोटेक की कोवैक्सीन की एक खुराक की कीमत मोदी सरकार के लिए 150 रुपए, राज्य सरकारों के लिए 600 रुपए और प्राइवेट अस्पतालों के लिए 1200 रुपए है। प्राइवेट अस्पताल एक खुराक के लिए 1500 रुपए तक वसूल रहे हैं।
ज्ञापन में मांग की गई है कि 31 दिसम्बर 2021 तक या उससे पहले 18 साल से अधिक आयु की पूरी जनसंख्या को वैक्सीन लगाने का काम पूरा किया जाए। देश की जनता को बचाने का यही एक तरीका है। इसका एकमात्र उपाय है कि एक दिन में कम से कम 1 करोड़ लोगों को वैक्सीन लगाई जाए। जबकि आजकल एक दिन में औसतन 16 लाख लोगों को वैक्सीन लगाई जा रही है।
ज्ञापन में राष्ट्रपति से मांग की गई है कि मोदी सरकार को 1 दिन में एक करोड़ लोगों को वैक्सीन लगाए जाने एवं यूनिवर्सल मुफ्त वैक्सीनेशन देने का निर्देश दें। क्योंकि हर भारतीय को कोरोना से बचाने का यही एक मात्र तरीका है।