न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोमनाथ के आदेशानुसार इतिहास विभाग के प्रोफेसर डॉ. एसके चहल ने इतिहास विभाग के विभागध्यक्ष का कार्यभार संभाल लिया है। उल्लेखनीय है कि प्रो. चहल विभाग में गत 26 वर्षो से पढ़ा रहे हैं और अपने विषय में अध्यापन एवं अनुसंधान का लम्बा अनुभव हासिल है। मूलरूप से रोहतक में जन्में प्रो. चहल अति साधारण पृष्ठभूमि से ताल्लुक रखते हैं। उनकी दलित अध्ययन के क्षेत्र में विशेष रूचि रही है और इस क्षेत्र में उन्होंने कई पुस्तके एवं शोधपत्र प्रकाशित किए हैं व सैकड़ों छात्रों का शोध निर्देशन भी किया है।
प्रो. चहल इतिहास विभाग में स्थित महात्मा ज्योतिबा फुले पीठ की अध्यक्षता भी कर रहे हैं। प्रो. एसके चहल ने बताया कि वे हाल ही में भारतीय उच्च अध्ययन संस्थान, शिमला में गत दो वर्षो तक वरिष्ठ फेलो के तौर पर अपना शोधकार्य (प्रोजेक्ट) पूरा कर विभाग में लौटे हैं। यह प्रतिष्ठित फेलोशिप उन्हें 19वीं शताब्दी के महान् समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा फुले (1827-1890) पर अपना रिसर्च प्रोजेक्ट पूरा करने के लिए 2019 में प्रदान की गई थी। इस विषय पर उन द्वारा किया गया मोनाग्राफ जल्दी ही उक्त संस्थान द्वारा ही प्रकाशित किया जाएगा।
प्रो. चहल ने विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा का आभार जताते हुए कहा कि विभागाध्यक्ष के रूप में उनका प्रयास विभाग में कार्य कर चुके महान् इतिहासकारों प्रो. वीएन दत्ता, प्रो. केसी यादव, प्रो. रघुवेन्द्र तंवर इत्यादि द्वारा स्थापित महान अकादमिक परम्पराओं को आगे बढ़ाने का रहेगा। वर्तमान मुश्किल हालातों में उनकी प्राथमिकता विभाग के शोधार्थियों तथा अन्य छात्रों को ऑनलाईन एवं अन्य डिजिटल माध्यमों से नियमित एवं गुणवत्ता आधारित शिक्षण प्रदान करने की रहेगी। साथ ही वे विभाग के तमाम् शिक्षकों को साथ लेकर तथा विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सौहार्दपूर्ण कार्य करते हुए विभाग की बेहतरी के लिए कार्य करेंगे।