न्यूज डेक्स संवाददाता
जींद।खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों और व्यापारियों के बीच पिछले कई दिनों से चल रही तनातनी का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मंगलवार को अनेक व्यापारी डीसी व एसपी से मिले और कार्रवाई की मांग की। इससे पहले व्यापारियों ने सोमवार देर रात घंटाघर स्थित सेठों वाली धर्मशाला में बैठक कर खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी हर्ष कुमारी द्वारा शहर थाने में व्यापारियों के खिलाफ दी गई शिकायत पर रोष व्यक्त किया गया और गम्भीर आरोप लगाए।दोपहर को अनेक व्यापारी हरियाणा व्यापार मंडल के बैनर तले लघु सचिवालय पहुंचे।
यहां कांफ्रेंस हाल में हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के जिला प्रधान महावीर कंप्यूटर की अध्यक्षता में एक ज्ञापन डीसी डॉ आदित्य दहिया को सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि खाद्य आपूर्ति अधिकारी हर्ष कुमारी द्वारा व्यापारियों से सैंपल लेने के नाम पर रिश्वत की शिकायत व्यापार मंडल को लगातार मिल रही थी। इस पर व्यापार मंडल ने कार्यकारिणी से सलाह करके और पूरी जानकारी जुटाने के बाद एक प्रेस कांफ्रेंस बुलाई, जिसमें इस महिला अधिकारी पर सैंपल लेने के एवज में रिश्वत लेने के आरोप लगाते हुए प्रशासन और सरकार से उचित कार्यवाही की मांग की गई थी।
ज्ञापन में कहा गया कि व्यापारियों को सैंपल देने बारे कोई एतराज नहीं है। पहले भी समय-समय पर सैंपलिंग होती रही है, लेकिन पिछले एक महीने से इस अधिकारी द्वारा सेंपलिंग फेल के नाम पर रिश्वत व व्यापारियों को अनावश्यक परेशान किया जा रहा है, जिससे शहर में दहशत मचा रखी है। प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जब व्यापारियों ने विरोध किया तो इस अधिकारी ने दुर्भावनापूर्वक बाजार में रेड डाली और व्यापार मंडल के पदाधिकारियों तक नहीं बख्शा। सोमवार को जनता बाजार में उक्त अधिकारी जब सैंपल लेने आई तो पूरे मान सम्मान के साथ दुकानदारों ने सैंपल दिए। उसके बाद भी उपरोक्त अधिकारी ने भारी पुलिस फोर्स को बुलाया और बाजार में व्यापारियों में दहशत फैलाने की कोशिश की।
आरोप यह भी लगाया गया कि एसएचओ शहर ने मुनादी करते हुए कहा कि व्यापारी नकली माल बेचते है। व्यापारी नेता महाबीर कम्प्यूटर ने कहा कि पुलिस का व्यवहार ऐसा था जैसे यहां कोई आतंकवादी बसते हों। व्यापारियों ने कहा कि उक्त अधिकारी से कोई व्यक्तिगत द्वेष नहीं है। दर्जनों ऐसे दुकानदारों की शिकायतें आई हैं, जिसमें इस अधिकारी ने सैंपल फेल के नाम पर रिश्वत ली है।ज्ञापन में मांग की गई की इस बारे उचित कार्रवाई अमल में लाई जाए। इस महिला अधिकारी को तुरंत प्रभाव से सस्पेंड किया जाए।
इसका रिकॉर्ड तथा बैंक खाते सील किए जाएं और उसके मोबाइल की कॉल रिकॉर्डिंग चेक करवाई जाए कि किन-किन दलालों के जरिए यह महिला अधिकारी रिश्वतखोरी को बढ़ावा दे रही है।आरोपों की जांच होगी-डीसीडीसी आदित्य दहिया ने कहा कि जो तथ्य मेरे सामने आए हैं, उनकी जांच कराएंगे। कोई भी अधिकारी या कर्मचारी अगर रिश्वत लेता है, उसकी शिकायत सबूतों के साथ दो, अवश्य कार्रवाई करवाएंगे। जो भी दोषी होगा उसको अवश्य सजा मिलेगी।उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री व हरियाणा सरकार रिश्वत के खिलाफ बहुत गंभीर है।
एसपी से भी मिले व्यापारी
-बाद में व्यापारी नेता पुलिस अधीक्षक वसीम अकरम से भी मिले। इस दौरान व्यापारियों ने कहा कि खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की अधिकारी हर्ष कुमारी ने व्यापार मंडल के सदस्यों के खिलाफ झूठी शिकायत की है कि घेराव किया है। व्यापारियों ने स्पष्ट किया कि किसी का कोई घेराव नहीं किया गया है। व्यापार मंडल ने जो प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी, हमारा घेराव का कोई औचित्य नहीं था। तथ्यों पर आधारित इस अधिकारी की रिश्वत लेने की शिकायत की गई है। जवाब में पुलिस अधीक्षक ने जांच करवा कर दोषी के खिलाफ उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। कहा किकिसी भी व्यापारी को नाजायज परेशान नहीं किया जाएगा।
-मुख्यतया ये व्यापारी पहुंचे अधिकारियों से मिलने
-व्यापार मंडल के नगर प्रधान ईश्वर बंसल, प्रदेश प्रवक्ता राजकुमार गोयल, उप-प्रधान राधाकिशन बिन्दल, महासचिव सुरेश जिन्दल, उप-प्रधान आईडी गोयल, करियाणा एसोसिएशन के प्रधान रामकुमार जैन, साडी एसोसिएशन के प्रधान सावर गर्ग, इलैक्ट्रोनिक्स एसोसिएशन के प्रधान आनन्द जैन, फर्नीचर एसोसिएशन के प्रधान राजकुमार बंसल, पिल्लूखेड़ा खण्ड के प्रधान सुशील जैन, जुलाना खण्ड के प्रधान पतराम तायल, उचाना खण्ड के प्रधान रोशनलाल गोडिया, करियाणा एसोसिएशन के प्रधान मुनीष गर्ग, अमित गर्ग, वी.पी. गर्ग, सचिव सुरेश गर्ग, सुरेश इलैक्ट्रोनिक्स, करियाणा एसोसिएशन के नीरज जैन, संजय मसाले वाला, ओमप्रकाश, संदीप, मन्नू जिन्दल, रामअवतार गोयल, सुशील जैन, पुरुषोतम, पवन बूरेवाला, सुरेश भैण, तिलकराज, योगेश गर्ग, कृष्ण सेठी, निट्टू बंसल, मोहन, अंकित गर्ग, रामू दालमवाला, सुरेश सिंगला, श्याम लाल, राधेश्याम जैन, गौरीशंकर, पवन बंसल, मनोष हेरण, संजय कुमार, दिनेश, गौरव बंसल सहित अनेक व्यापारी अधिकारियों से मुलाकात करने वालों में शामिल थे।