सांसद नायब सिंह सैनी व विधायक सुभाष सुधा ने किया जिलास्तरीय अंतर्राष्ट्रीय योग कार्यक्रम का उद्घाटन
सांसद, विधायक, उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक सहित अधिकारियों, कर्मचारियों ने किए प्रोटोकॉल योगासन
आनलाईन प्रणाली से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने दिया कुरुक्षेत्र वासियों को संदेश
न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र 21 जून 7वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर नन्हें-नन्हें बच्चों से लेकर बुजूर्गो, महिलाओं, विद्यार्थियों ने एक साथ योग करके देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के सपने को साकार कर जिला कुरुक्षेत्र में 21 जून को सुबह ब्रहमसरोवर पुरुषोतमपुरा बाग पूरे माहौल को योगमय बनाने का काम किया। सरकार के आहवान पर 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रुप में मनाने के लिए हर प्रकार के पुख्ता प्रबन्ध किए गए।
इन शानदार प्रबन्धों के बीच सांसद नायब सिंह सैनी, विधायक सुभाष सुधा, उपायुक्त मुकुल कुमार, पुलिस अधीक्षक हिमांशु गर्ग, भाजपा के जिलाध्यक्ष राजकुमार सैनी सहित अधिकारियों व कर्मचारियों सहित करीब 50 लोगों ने योग सम्बन्धी सावधानियों, योग का क्रियात्मक प्रदर्शन और प्रोटोकोल के अनुसार योगासनों का शानदार प्रदर्शन भी किया।
इन लोगों को पंतजलि योग समिति के जिला प्रभारी पाला राम, महिला प्रभारी डा. निरुपमा भट्टी तथा उनकी टीम के सदस्यों ने योग के एक सूत्र में बांधकर रखा। सांसद नायब सिंह सैनी, विधायक सुभाष सुधा, उपायुक्त मुकुल कुमार, पुलिस अधीक्षक हिमांशु गर्ग, भाजपा जिलाध्यक्ष राजकुमार सैनी, भाजपा युवा नेता साहिल सुधा ने सोमवार को ब्रहमसरोवर पुरुषोतमपुरा बाग में द्वीप प्रज्जवलित कर 7वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर हरियाणा योग आयोग, आयुष विभाग द्वारा आयोजित जिलास्तरीय कार्यक्रम का विधिवत रुप से शुभारम्भ किया।
इससे पहले सुबह 6.30 बजे से लेकर 7 बजे तक दिल्ली से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और सुबह 7 बजे से लेकर 7.15 मिनट तक चंडीगढ़ से मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कुरुक्षेत्र के नागरिकों को अपने जीवन में योग को अपनाकर स्वास्थ्य को निरोगी रखने का संदेश दिया। इस संदेश में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि स्वास्थ्य सबसे बड़ा भाग्य है। इस भाग्य का निर्माण करने के लिए प्राणायाम और आसन नियमित रुप से करने होंगे। इसके लिए सरकार भी प्रयास कर रही है और प्रथम चरण में सरकार ने 1 हजार गांव में से 550 गांव में व्यायामशालाएं खोल दी है।
इन व्यायामशालाओं के लिए 1 हजार योग शिक्षक और 22 योग कोच भर्ती करने की प्रक्रिया भी जल्द शुरु की जाएगी। इसके अलावा सरकार वैलनेस सेंटर खोलने का काम भी कर रही है। सांसद नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाने का प्रस्ताव रखा था और इस प्रस्ताव पर 177 सदस्यों ने अपनी सहमति जताकर एक नया इतिहास बनाने का काम किया था। इस प्रस्ताव को केवल 90 दिनों के अंदर मंजूरी दे गई थी और यह यूएनओ में सबसे कम दिनों दिनों में पारित होने वाला प्रस्ताव भी बना।
उन्होंने कहा कि योग से ही जीवन को स्वस्थ्य रखा जा सकता है। आज के समय खानपान, रहन सहन में काफी बदलाव आ गया है। इससे मनुष्य के स्वास्थ्य पर सीधा प्रभाव पड़ रहा है। इससे बचने के लिए सभी योग का सहारा लेना चाहिए। राज्य सरकार योग को घर घर तक पहुंचाने का काम रही है और लोगों को जागरूक करने का काम कर रही है। इसलिए सभी लोगों को योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए। इससे मानव स्वस्थ्य रहेगा। जब प्रत्येक मनुष्य स्वस्थ्य रहेगा तो निश्चित ही देश और प्रदेश विकास की राह में आगे बढ़ेगा।
विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि मनुष्य को अपने आप से जानने का प्रयास करना है। इसके लिए योग की एक माध्यम है। योग परमात्मा से मिलने का एक साधन है। राज्य सरकार ने लोगों में योग की अलख जगाने का काम किया है। इस कार्यक्रम में पंतजलि, आयुष विभाग, शिक्षा विभाग, जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम विभाग के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता है।
उपायुक्त मुकुल कुमार ने मेहमानों का स्वागत करते हुए कहा कि जिला प्रशासन, आयुष विभाग व पतंजलि योग समिति के सयुंक्त तत्वाधान में अतंर्राष्ट्रीय योग दिवस को यादगार बनाया गया है। उन्होंने कहा कि आज सभी के जीवन में योग का सबसे ज्यादा महत्व है। योग को अपना करके ही अपने आप को स्वस्थ्य रखा जा सकता है। योग का क्रियात्मक प्रदर्शन कार्यक्रम सम्पन्न होते ही ब्रहमसरोवर का माहौल ओम के उच्चारण से गुंज उठा।
यहां पर पंतजलि योग समिति के जिला प्रभारी पाला राम ने सभी को योग करने से पहले बरती जाने वाली तमाम सावधानियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी और योगासन करवाएं। उन्होंने कहा कि मानव कल्याण के लिए आज हर मनुष्य को अपने जीवन में योग को धारण करना जरूरी है। व्यस्त जीवन में आज हर व्यक्ति को तनाव मुक्त और मानसिक शांति के लिए रोजाना योग को अपनाना होगा। योग से ही हर प्रकार की बीमारियों से छुटकारा मिल पाएगा। इसलिए देश व प्रदेश के हर व्यक्ति के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए ही सरकार ने हर व्यक्ति को योग से जोडऩे के अनोखे प्रयास किए है।
इस कार्यक्रम के मंच का संचालन डीआईपीआरओ डा. नरेन्द्र सिंह ने किया। इस कार्यक्रम के अंत में सांसद नायब सिंह सैनी व विधायक सुभाष सुधा को उपायुक्त मुकुल कुमार ने स्मृति चिन्ह भेंट किया। इस मौके पर केडीबी के मानद सचिव मदन मोहन छाबड़ा, एसडीएम अखिल पिलानी, सीईओ केडीबी अनुभव मेहता, नगराधीश निशा यादव, डीएसपी नरेन्द्र सिंह, नायब तहसीलदार जयवीर रंगा, आयुष विभाग से डा. कुमार आनंद, सरस्वती धरोहर विकास बोर्ड के एसई अरविन्द कौशिक, डीएमईओ राजीव चौधरी, नेहरु युवा केन्द्र की अधिकारी निशा, केडीबी सदस्य विजय नरुला, उपेन्द्र सिंघल, महिन्द्र सिंगला, मार्किट कमेटी के पूर्व चेयरमैन सुरेश सैनी कुक्कू सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
किन-किन आसनों का किया अभ्यास
पतंजलि योग समिति के जिला प्रभारी पाला राम व महिला प्रभारी डा. निरुपमा भट्टी ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के कामन प्रोटोकाल के अनुसार प्रार्थना करवाई और इसके बाद शिथिलकरणीय अभ्यास, योगासन, खड़े होकर किए जाने वाले योगासन, बैठकर किए जाने वाले भद्रासन, शशांकासन, वक्रासन, पेट के बल लेट कर किए जाने वाले आसनों में भूजंगासन, सलभासन, मक्रासन, पीठ के बल लेटकर किए जाने वाले आसनों में सेतूबंधासन, पवन मुक्तासन का अभ्यास करवाया। इसके अलावा कपालभाती, अनुलोम-विलोम प्राणायाम, ध्यान, संकल्पवाचन व अंत में शांति पाठ का अभ्यास करवाया।