न्यूज डेक्स संवाददाता
रोहतक।हरियाणा बॉक्सिग संघ की कार्यकारी समिति की बैठक रविवार को रोहतक स्थित कार्यालय में हुई। इसकी अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष मेजर सत्यपाल सिंधु ने की। इस दौरान संघ के कोषाध्यक्ष कैप्टन प्रवीर गहलोत ने बताया कि हरियाणा बॉक्सिंग संघ ने सचिव अश्विनी शर्मा को सभी पदों से निलंबित कर दिया है। उनकी प्राथमिक सदस्यता भी समाप्त कर दी गई है। कैप्टन प्रवीर गहलोत ने बताया कि बैठक के दौरान संघ के अध्यक्ष के पास आई विभिन्न शिकायतों के बारे में विस्तृत चर्चा हुई। अध्यक्ष मेजर सत्यपाल सिंधु को पिछले कुछ समय से अनुशासनहीनता और पैसे ऐंठने के आरोपों की शिकायतें मिल रही थी। इसमें मुख्य शिकायत हरियाणा बॉक्सिंग संघ के सचिव अश्विनी शर्मा के खिलाफ थी।
उन पर झूठे वादे, प्रलोभन देना, संघ के संविधान के विपरीत असंवैधानिक व गैर जिम्मेदाराना गतिविधियां करने जैसे आरोप थे। आरोपों को गंभीरता से लेते हुए कार्यकारिणी की सलाह से जांच के लिए विशेष कमेटी गठित कर दी गई थी। कमेटी की सिफारिशों के आधार पर कार्यकारी समिति ने सचिव अश्विनी शर्मा की प्राथमिक सदस्यता समाप्त करने और संघ के सभी पदो से तुरंत प्रभाव से निलंबित करने का निर्णय लिया। इस फैसले के मद्देनजर अश्विनी शर्मा द्वारा हरियाणा बॉक्सिंग संघ के नाम से किए गए किसी भी कार्यक्रम और प्रतियोगिता को गैर कानूनी माना जाएगा और फैसले का पालन न करने पर कानूनी कार्यवाई की जाएगी।
अश्विनी शर्मा के निलंबित होने के बाद अब सचिव पद की सभी जिम्मेदारियां सह सचिव रविन्द्र पान्नू को सौंपी गई हैं। अगले निर्णय तक वे सचिव पद की जिम्मेदारियां निभाने के लिए अधिकृत रहेंगे। इसके साथ ही कार्यकारी समिति ने यह भी फैसला लिया कि जिला बॉक्सिंग पानीपत इकाई की मान्यता भी रद की जाती है। कैप्टन प्रवीर गहलोत ने बताया कि कार्यकारिणी समिति के इन फैसलों की कॉपी बॉक्सिंग फेडरेशन आॅफ इंडिया, हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन, खेल विभाग हरियाणा और अन्य संबंधित कार्यालयों को भेज दी गई है।
समिति का गठन
हरियाणा बॉक्सिंग संघ के कोषाध्यक्ष कैप्टन प्रवीर गहलोत ने बताया कि बैठक के दौरान संघ को बढ़ावा देने के लिए आगामी समय में उठाए जाने वाले कदमों पर चर्चा हुई। वार्षिक खेल कैलेंडर पर चर्चा करते हुए प्रदेश में होने वाली विभिन्न प्रतियोगिताओं के स्थानों का निर्णय करने के लिए समिति का गठन किया।
जिला इकाइयों को अंतरिम मान्यता
कैप्टन प्रवीर गहलोत ने बताया कि बैठक के दौरान बॉक्सर रजिस्ट्रेशन में तेजी लाने का फैसला लिया गया है। इससे भविष्य में हरियाणा बॉक्सिंग संघ द्वारा लाई गई हर योजना का लाभ हर एक बॉक्सर तक पहुंच सके। उन्होंने बताया कि बैठक के दौरान नवगठित जिला इकाइयों को अंतरिम मान्यता देने पर भी निर्णय लिया गया।
