मामला सामने आने पर तुरंत संज्ञान लिया परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने
न्यूज डेक्स
चंडीगढ़,21 अगस्त। हरियाणा के परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने मोटर व्हीकल टैक्स (रोड टैक्स)ऑनलाइन जमा कराने के नाम पर हो रही धोखाधड़ी का उजागर होते ही कड़ा संज्ञान लिया है। इस तत्काल कार्रवाई शुरु हो चुकी है और आरोपियों के खिलाफ बावल पुलिस थाने में मामला दर्ज कराने के निर्देश भी जा चुके हैं। बताया गया है कि परिवहन मंत्री ने संबंधित जिलों के आरटीए अधिकारियों को भी इस तरह की धोखाधड़ी करने वालों पर पैनी नजर रखने के आदेश दिये हैं।
परिवहन मंत्री के मुताबिक हिमाचल,पंजाब,राजस्थान और उत्तर प्रदेश जैसे अन्य राज्यों के साथ लगती हरियाणा सीमा पर कुछ लोगों ने मोटर व्हीकल टैक्स ऑनलाइन जमा कराने के नाम पर प्राइवेट दुकानें खोली हुई हैं। ये लोग वाहन मालिकों से पैसे लेकर उसकी फर्जी रसीद देते हैं और सरकार के खजाने में पैसा तक जमा नहीं कराते। अगर रास्ते में कोई जांच होती है तो ऐसे वाहन चालक पकड़ में आ जाते हैं, वरना इस तरह के मामलों पता नहीं लगता।
परिवहन मंत्री के अनुसार जिला रेवाड़ी के बावल में इस तरह का एक मामला सामने आया था। एक व्यक्ति ने धोखाधड़ी की शिकायत दी थी। इसने बताया था कि 18 अगस्त को एक दुकान में उसने राजस्थान के लिए 8500 रुपये का टैक्स कटाया, आरोपी ने उसे एक रसीद भी दी थी। जब उनकी बस जयपुर पहुंची तो चैकिंग के दौरान उस रसीद का कोई रिकॉर्ड नहीं मिला और वह फर्जी रसीद निकली।