मुख्यमंत्री चौहान ने देवी अहिल्या के भव्य स्मारक निर्माण और दो सौ करोड़ रूपए के कार्यों की घोषणा की
11.35 करोड़ रूपये लागत व 13.80 टन क्षमता के 11 ऑक्सीजन प्लांट्स का लोकार्पण किया
अभय प्रशाल में आयोजित हुआ “धन्यवाद कार्यक्रम”
न्यूज डेक्स मध्यप्रदेश
भोपाल।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज इंदौर के नागरिकों, सामाजिक संगठनों, जन-प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि ‘उस इंदौरी जज्बे को सलाम’ जिसके कारण इंदौर नित नये कीर्तिमान बना रहा है-धन्यवाद इंदौर। इंदौर की इंदौरियत को धन्यवाद देने अभय प्रशाल पहुंचे मुख्यमंत्री चौहान ने इंदौरवासियों के टीकाकरण के प्रति जागरूकता और रिकार्ड बनाने, राधास्वामी सत्संग में विशाल परोपकार का प्रतीक कोविड केयर सेंटर बनाने के लिये इंदौरियों की दानशीलता और इंदौर को कोरोना की विभीषिका से निकालने में जन-सहयोग की भावना का आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री चौहान ने न केवल कोरोना योद्धाओं के बलिदान को याद किया, वरन उनके परिजनों का आभार भी माना। मुख्यमंत्री चौहान ने इंदौर की जनता का स्मार्ट सिटी, स्वच्छता, समर्पण, सेवा, सामाजिक सद्भाव, समन्वय, संस्कृति और संस्कार में अव्वल रहने पर कहा कि यह इंदौर की गौरवशाली परम्परा है। देवी अहिल्या के भव्य स्मारक निर्माण के साथ ही उन्होंने 160 करोड़ रूपए स्मार्ट सिटी कम्पनी के लिए देने की घोषणा की।
साथ ही 25 करोड़ रूपए ऑक्सीजन प्लांट के लिए और इलाज व्यवस्था के लिए 10 करोड़ रूपए दिए जाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने 11.35 करोड़ रूपये लागत और 13.80 टन क्षमता के 11 ऑक्सीजन प्लांट्स का लोकार्पण भी किया। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि निर्धारित बैड संख्या वाले अस्पतालों में ऑक्सीजन प्लांट का होना अनिवार्य किया जाएगा। निजी अस्पतालों को ऑक्सीजन प्लांट की स्थापना के लिए पचास प्रतिशत कैपिटल सब्सिडी दी जाएगी।