अधिकतम पांच एकड़ तक अनुदान का प्रावधान
सीधे किसान के बैंक खाते में जाएगी अनुदान राशि
डीसी ने योजना का लाभ उठाने का किया आह्वान
न्यूज डेक्स संवादददाता
जींद। उपायुक्त डॉ. आदित्य दहिया ने जिला के किसानों से सरकार की प्याज की खेती के लिए दिए जाने वाले अनुदान योजना का लाभ उठाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि एकीकृत बागवानी विकास मिशन के तहत किसानों को खरीफ प्याज की खेती हेतु अनुदान योजना लागू की गई है। उन्होंने बताया कि प्रति प्रति एकड़ 8 हजार अनुदान राशि दिए जाने का प्रावधान है। अधिकतम 5 एकड़ प्रति किसान इस अनुदान राशि को प्राप्त कर सकता है।
उपायुक्त डॉ. आदित्य दहिया ने कहा कि योजना के अनुसार अनुदान राशि सीधे किसान के बैंक खाते में जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर योजना का लाभ दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों की आय दोगुना करने की दिशा में सरकार का यह एक और सराहनीय कदम है। उपायुक्त ने कहा कि योजना का लाभ प्राप्त करने के इच्छुक किसान पोर्टल पर खेती के क्षेत्र को दर्ज करते हुए अपना पंजीकरण करवाएं।
सभी संबंधित दस्तावेज जिला उद्यान अधिकारी कार्यालय में जमा करवाने होंगे। परमिट लेने के उपरांत किसान अपनी इच्छा अनुसार किसी भी स्त्रोत से कोई भी खरीद प्याज की किस्म का बीज/ गंठिया कहीं से भी खरीदकर बिल प्राप्त करना होगा। बिल जिला उद्यान अधिकारी कार्यालय में जमा करवाना होगा। उपायुक्त ने कहा कि बीज की गुणवत्ता की जिम्मेदारी स्वयं किसान की होगी। बीज जमाव के बाद संबंधित जिला उद्यान अधिकारी को सूचना देनी होगी। सदस्य सचिव, जिला बागवानी क्रियान्वयन इकाई द्वारा गठित कमेटी द्वारा फसल के भौतिक सत्यापन उपरांत अनुदान राशि सीधे किसान के खाते में डाल दी जाएगी। उन्होंने कहा कि किसान मेरी फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल पर पंजीकरण अवश्य करवाएं। इस योजना के बारे में अधिक जानकारी प्राप्त करने के लिए जिला बागवानी कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है।