भाजपा जिला कार्यकारिणी की बैठक में पहुंची थी राज्य मंत्री कमलेश ढांडा और सांसद सुनीता दुग्गल
सुरक्षा कारणों से पुलिस की गाड़ियों में बैठकर जाना पड़ा महिला मंत्री और महिला सांसद को
न्यूज डेक्स संवाददाता
जींद।कैथल रोड स्थित भाजपा के जिला कार्यालय के बाहर किसानों ने शनिवार को हंगामा खड़ा कर दिया। सरकार विरोधी भारी नारेबाजी की गई और कार्यालय के बाहर लगा बड़ा होर्डिंग फाड़ डाला। बैठक में भाग लेने पहुंची मंत्री कमलेश ढांडा व सासंद सुनीता दुग्गल को पुलिस वाहन में किसी तरह बाहर निकाला गया।शनिवार को भाजपा कार्यालय में जिला कार्यकारिणी बैठक थी। इसमें सिरसा से सासंद सुनीता दुग्गल व हरियाणा की महिला एवं बाल विकास मंत्री कमलेश ढांडा विशेष तौर पर पहुंची थी। किसानों के विरोध की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने भारी पुलिस प्रबंध किए थे।
अमरहेड़ी गांव के पास पुलिस ने किसी भी अनहोनी से निपटने के लिए अवरोधक भी खड़े किए थे। कार्यालय के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।भाजपा की जिला कार्यकारिणी बैठक में मंत्री कमलेश ढांडा व सिरसा से सांसद सुनीता दुग्गल के पहुंचने की सूचना पाकर सैकड़ों की संख्या किसान भी पहुंच गए। उन्होंने सभी बेरिगेट्स तोड़ डाले।जिला भाजपा कार्यालय के बाहर किसानों ने हंगामा शुरू कर दिया।हालांकि पुलिस प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट, मगर फिर भी किसान नहीं माने। बढ़ते हंगामे को देखकर पुलिस को मूकदर्शक बनकर रहना पड़ा।
हंगामे के बीच राज्यमंत्री कमलेश ढांडा व एमपी सुनीता दुग्गल किसी तरह पुलिस की गाडी में बैठकर चली गई।करीब एक घंटा चले हंगामे के बीच किसान नेता सतबीर पहलवान ने कहा कि सरकार हमारा इम्तिहान ना ले हम तंग हो चुके हैं। सरकार को पहले भी कई बार बताया जा चुका है कि आप यहां ना आएं। सरकार इस तरीके से व्यवहार कर रही है की भाजपा और जजपा के नेताओं के आगे कोई एक आदमी तक सड़क पर नजर नहीं आएगा। सरकार को हम कहना चाहते है की हमारा आंदोलन चलता रहेगा, जब तक सरकार इन तीन कानूनों को वापस नहीं ले लेती।