पालीथिन का प्रयोग ना करे नागरिक, अधिकारियों को लेकर बनाया वाटस एप ग्रुप
न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र। एक बार फिर विधायक सुभाष सुधा स्वयं सुबह 5 बजे शहर में बरसाती पानी निकासी के प्रबंधों का निरीक्षण करने के लिए फील्ड में पहुंचे। यहां पर विधायक ने निरीक्षण करने के उपरांत पाया कि अभी भी कई जगहों पर पानी निकासी सही तरीके से नहीं हो रही थी। इस विषय को गम्भीरता से लेते हुए विधायक ने फिर से सुबह-सुबह विभिन्न विभागों के अधिकारियों को मौके पर बुलाया और कई जगहों पर पुख्ता प्रबंध न किए जाने पर फटकार भी लगाई है। सोमवार को सुबह 5 बजे विधायक सुभाष सुधा शहर में पानी निकासी के प्रबंधों का जायजा लेने के लिए घर से निकल पड़े। विधायक ने पिपली से थर्ड गेट तक, नगली कुटिया, सलारपुर रोड़, झांसा रोड़, बिरला मंदिर चौंक, जाट धर्मशाला क्षेत्र सहित अन्य कई जगहों पर पानी निकासी के प्रबंधों का जायजा लिया।
विधायक ने कहा कि पिपली से थर्ड गेट तक तथा शहर के अन्य प्रभावित 13 क्षेत्रों में पानी निकासी के प्रबंध किए जा चुके है। इनमें से 2-3 जगहों पर अभी भी कुछ समस्या आ रही थी और यह समस्या भी पालीथिन के कारण थी और कई जगहों पर प्रबंध भी ठीक नहीं थे। इसलिए पानी निकासी के प्रबंधों की कमी को दूर करने के लिए नगर परिषद थानेसर, लोक निर्माण विभाग और जन स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारियों को मौके पर बुलाया गया। विधायक सुभाष सुधा ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि पानी निकासी के प्रबंधों में जो भी कमी रह गई है, उसे तुरंत प्रभाव से पूरा किया जाए। इस प्रकार की लापरवाही बिल्कुल भी सहन नहीं की जाएगी।
विधायक ने कहा कि सभी जगहों पर अब पानी की निकासी हो रही है, जिन जगहों पर अभी भी कुछ समस्या है, वहां पर पम्प लगाकर पानी की निकासी करवाई जा रही है। विधायक के फील्ड में उतरते ही विभिन्न विभागों के अधिकारी झांसा रोड़ सरस्वती पुल के पास पानी निकासी, होटल आरोमा के सामने, झांसा रोड़ भद्रकाली मंदिर के पास, नए बस स्टैंड के सामने, पुराने बस स्टैंड के पास, पिपली रोड़ बिजली घर कार्यालय के पास नगर परिषद के कर्मचारी पानी निकासी के कार्य में जुट गए है। विधायक ने कहा कि आमजन को किसी भी सूरत में दिक्कत नहीं आने दी जाएगी।
वाटस एप ग्रुप वाटर लोगिंग रिमोवल एमसी से मिलेगी फीडबैकविधायक सुभाष सुधा ने कहा कि शहर में पानी निकासी और सफाई व्यवस्था पर नजर रखने के लिए वाटर लोगिंग रिमोवल एमसी के नाम से एक वाटस एप ग्रुप तैयार कर लिया है। इस वाटस ग्रुप में अभी तक 37 अधिकारियों और कर्मचारियों को जोड़ा गया है। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए है कि बरसाती पानी की निकासी के प्रबंध करने से पहले और बाद की फोटो सहित रिपोर्ट वाटस एप ग्रुप में अपलोड करना सुनिश्चित करेंगे। इस वाटस ग्रुप के माध्यम से शहर की व्यवस्था पर निगरान और किए जा रहे प्रबंधों की फीडबैक मिलती रहेगी।