महापंचायत सफल बनाने के लिए गठित की 21 सदस्यीय कमेटी
हरियाणा राज्य में सिख महापंचायत के प्रचार-प्रसार के लिए बनाई टीमें
सिखों के साथ-साथ 36 बिरादरी को दिया जाएगा महापंचायत का न्यौता
न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र। सिखों पर अभद्र टिप्पणी करने के मामले में संगत ने सिख महापंचायत कर जिला प्रशासन और सरकार पर दबाव बनाने की तैयारी कर ली है। भारतीय किसान यूनियन हरियाणा (मान गु्रप) के प्रदेशाध्यक्ष गुणी प्रकाश द्वारा सिखों पर अभद्र टिप्पणी किए जाने से अक्रोशित अलग-अलग सिख जत्थेबंदियों ने सिख महापंचायत की तैयारियां जोर-शोर से शुरु कर दी है। दिल्ली सिख गुरुद्वारा मैनेजमैंट कमेटी के प्रधान मनजिंदर सिंह सिरसा की अगुवाई में इस महापंचायत में आगामी रणनीति तैयार कर आंदोलन का बिगुल बजाया जाएगा। कुरुक्षेत्र के ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब पातशाही छठी में एक अगस्त को होने वाली इस सिख महापंचायत को सफल बनाने के लिए 21 सदस्यीय कमेटी बनाई गई है। यही नहीं, सिख महापंचायत में अधिक से अधिक संगत की भीड़ एकत्रित करने का उद्ेदश्य रखते हुए इसके प्रचार-प्रसार का उत्तरदायित्व अलग-अलग टीमों को सौंपा गया है।
यह टीमें 21 सदस्यीय कमेटी के साथ मिल कर हरियाणा प्रदेश में न सिर्फ सिख संगत, बल्कि 36 बिरादरी के प्रतिनिधियों को सिख महापंचायत में शामिल होने का न्यौता देंगी। यह फैसला ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब पातशाही छठी में सिख जत्थेबंदियों एवं संगत ने बैठक में विचार-विमर्श करके लिया। इस बाबत जानकारी देते हुए सिख परिवार हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष कवलजीत सिंह अजराना ने बताया कि जिला प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में सिखों पर अभद्र टिप्पणी कर दस्तार व दाड़ी का अपमान करने वाले भारतीय किसान यूनियन हरियाणा (मान गु्रप) के प्रदेशाध्यक्ष गुणी प्रकाश द्वारा न तो अभी तक माफी मांगी गई है और न ही जिला प्रशासन ने कोई कार्रवाई की है। यही नहीं, इस बारे में एक लिखित शिकायत पुलिस को भी दी गई थी, मगर अफसोसजनक बात है कि जिला पुलिस प्रशासन द्वारा भी इस संदर्भ में कोई भी कानूनी कार्रवाई नहीं की गई।
हालांकि सिख संगत द्वारा रोष जताते हुए गुणी प्रकाश व उसके साथियों पर केस दर्ज कर उनकी गिरफतारी की मांग की थी। मगर कोई भी संतोषजनक कार्रवाई न होने से अक्रोशित सिख संगत ने अब सिख महापंचायत की तैयारियां शुरु कर दी है। उन्होंने बताया कि दिल्ली सिख गुरुद्वारा मैनेजमैंट कमेटी के प्रधान मनजिंदर सिंह सिरसा की अगुवाई में इस महापंचायत में आगामी रणनीति तैयार कर आंदोलन का बिगुल बजाया जाएगा। अजराना के अनुसार सिख महापंचायत की सफलता के लिए २१ सदस्यीय कमेटी बनाई गई है और इस कमेटी के साथ मिल कर अलग-अलग टीमें हरियाणा राज्य में सिख संगत के साथ-साथ ३६ बिरादरी के लोगों को आमंत्रित करेंगी, तांकि जिला प्रशासन एवं हरियाणा सरकार पर दबाव बनाया जा सकें। धर्म प्रचार कमेटी के सदस्य जत्थेदार तजिंदरपाल सिंह लाडवा ने कहा कि जब से भाजपा सरकार सत्ता में आई है, तभी से सिखों एवं अल्प संख्यक वर्ग पर अत्याचार हो रहा है। सिखों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के मामले निरंतर प्रकाश में आ रहे है, जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि भारतीय किसान यूनियन हरियाणा (मान गु्रप) के प्रदेशाध्यक्ष गुणी प्रकाश और उसके साथियों जैसे लोग समाज का माहौल खराब कर रहे हैं, जिन पर सरकार को अंकुश लगाना चाहिए। अंतर्राष्ट्रीय कथावाचक ज्ञानी तेजपाल सिंह ने मांग की कि गुणी प्रकाश व उसके साथियों पर अपराधिक केस दर्ज किया जाए, ताकि भपिष्य में कोई भी ऐसा दुस्साहस न कर सकें। सिख जत्थेबंदी के प्रतिनिधि महिंदर सिंह ने कहा कि गुणी प्रकाश ने सरकार के इशारे पर यह बयानबाजी की है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस मामले को लेकर सिखों में रोष पनप रहा है। इस मौके पर उनके साथ एसजीपीसी सब ऑफिस एडिशनल सैकेटरी डा.परमजीत सिंह सरोहा, प्रभारी परमजीत सिंह दुनियामाजरा, शिरोमणि अकाली दल कुरुक्षेत्र जिला के शहरी प्रधान तजिंदर सिंह मककड़, सुखबीर सिंह, गुरमीत सिंह, जसबीर सिंह, सरबजीत सिंह, हरपिंदर सिंह, दिलबाग सिंह, गुरसिमरन सिंह, अमरीक सिंह, बूटा सिंह, कुलवंत सिंह, दविंदर सिंह, गुरविंदर सिंह, अमरजीत सिंह, गुरपाल सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।