ओलम्पियन सुरेंद्र पालड़ के प्रशिक्षक गुरविंद्र सिंह ने दी बधाई
शानदार प्रदर्शन रहेगा जारी तो भारत का मैडल पक्का
न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र। भारतीय हॉकी टीम के सदस्य ओलम्पियन सुरेन्द्र पालड़ के होम टाउन के होम ग्राउंड द्रोणाचार्य स्टेडियम में भारतीय हॉकी टीम के शानदार प्रदर्शन से जापान पर मिली जीत पर जश्न का माहौल नजर आया। इस लीग के अंतिम मैच में भारतीय हॉकी टीम ने जापान को 5-3 गोल के अंतर से पराजित करके अपने विजय अभियान को आगे बढ़ाने का काम किया है। इस ओलम्पिक में कुरुक्षेत्र के साथ-साथ हरियाणा का यह गौरव है कि कुरुक्षेत्र के लाल सुरेन्द्र कुमार पालड़ भारतीय हॉकी टीम में शानदार खेल का प्रदर्शन कर रहे है। भारतीय हॉकी टीम ने शुक्रवार को देर सायं जैसे ही जापान को लीग के अंतिम मैच में पराजित किया, उसकी समय द्रोणाचार्य स्टेडियम में प्रशिक्षकों और खिलाडिय़ों ने खुशी मनाई। इसके साथ ही सैक्टर 8 में सुरेन्द्र पालड़ के घर में पिता मलखान सिंह, भाई नरेन्द्र कुमार काला और परिवार के अन्य सदस्यों का भी खुशी का ठिकाना नहीं था।
शुक्रवार को 3 बजते ही ओलम्पियन सुरेन्द्र कुमार पालड़ के परिजन, ओलम्पियन सुरेन्द्र के गुरु एवं साई प्रभारी गुरविन्द्र सिंह, हॉकी कोच सोहन लाल के साथ-साथ सभी खिलाड़ी एक टक नजर लगाए हॉकी मैच का सीधा प्रसारण देखते नजर आए। इस मैच में जैसे-जैसे भारतीय हॉकी टीम के खिलाड़ी गोल करते रहे, वैसे-वैसे सभी के चेहरों पर खुशी देखी जा सकती थी। ओलम्पियन सुरेन्द्र कुमार पालड़ के प्रशिक्षक गुरविन्द्र सिंह ने भारतीय हॉकी टीम की जीत और शानदार प्रदर्शन पर बधाई देते हुए कहा कि भारतीय हॉकी टीम का प्रत्येक सदस्य अच्छा प्रदर्शन कर रहा है। इस मैच के अंतिम मैच में जापान के विरुद्घ ओलम्पियन सुरेन्द्र कुमार पालड़ ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया और कई बार जापान के खिलाडिय़ों को छकाने का काम किया और जापान के खिलाडिय़ों को गोल तक जाने पर रोक लगाने का भी काम किया।
उन्होंने कहा कि जिस तरह भारतीय हॉकी टीम शानदार प्रदर्शन कर रही है। उससे अब पूरी उम्मीद है कि ओलम्पिक में टीम मैडल लेकर लौटेगी। अब भारतीय हॉकी टीम क्वार्टर फाईनल खेलेंगी और परमात्मा से प्रार्थना की है कि क्वार्टर फाईनल ही नहीं भारत फाईनल जीतकर अपने वतन लौटे। इस मौके पर प्रशिक्षक सोहन लाल, कुलदीप सिंह वडैच, सुधीर दहिया, राहुल सांगवान, जूनियर हॉकी खिलाड़ी अमितोज सिंह के साथ-साथ अन्य प्रशिक्षकों और खिलाडिय़ों ने भी भारतीय हॉकी टीम को बधाई दी है।