सिखों और हिंदुओं में भ्रम पैदा कर सामाजिक माहौल खराब करने के प्रयास में है बीजेपी व आरएसएस–अजराना
न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र। यहां के ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब पातशाही छठी के बाहर रविवार को बीजेपी और आरएसएस द्वारा भेजे गए कथित देव सेना के करिंदों का मामला श्री अकाल तख्त साहिब अमृतसर के समक्ष पहुंच गया है। उल्लेखनीय है कि भाकियू (मान) के प्रदेशाध्यक्ष गुणी प्रकाश द्वारा सिखों के बारे में प्रयोग की गई अभद्र भाषा और धमकी को लेकर रविवार को सिख महापंचायत का आयोजन चल रहा था। इसी दौरान करीब एक दर्जन लोग गले में श्रीसाहिब (छोटी कृपाण) पहने गुरुद्वारा साहिब के सामने मीरी-पीरी चौक पर संदिग्ध अवस्था में घूमते नजर आए।
जैसे ही इसकी सूचना महापंचायत में बैठी सिख संगत को मिली, तो वे तुरंत वहां पहुंचे और उन संदिग्ध लोगों को काबू कर लिया। पूछताछ में उनकी पहचान कथित देव सेना के रुप में हुई। इन संदिग्ध लोगों के सिर के बाल कटे हुए थे और इनकी जेब से तंबाकू और जर्दे की पुड़िया भी बरामद हुई। इन द्वारा पहनी श्रीसाहिब के बारे में जब पूछा गया, तो उन्होंने बताया कि उन्होंने यह शस्त्र धारण करने की परमिशन ले रखी है। हालांकि वे मौके पर ऐसा कोई प्रमाण नही दिखा पाए। पूछताछ के दौरान ही इस जत्थे के मुखिया ने अपनी भूल स्वीकार करते हुए संगत से क्षमा याचना भी की। इस पर संगत ने उनकी गलती को अनजाने में हई भूल समझते हुए माफ कर दिया और उन्हें छोड़ दिया। मगर बाद में यह लोग पुलिस की शरण में चले गए और सिख संगत के खिलाफ अनाप-शनाप आरोप और उन्हें असामाजिक तत्व करार देते हुए एक शिकायत सौंप दी।
श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार सिंह साहिब ज्ञानी हरप्रीत सिंह को कुरुक्षेत्र की तमाम सिख जत्थेबंदियों की ओर से भेजी शिकायत में हरियाणा सिख परिवार के प्रदेशाध्यक्ष कवलजीत सिंह अजराना ने बताया कि कथित देव सेना के लोग अब सोशल मीडिया पर सिखों के खिलाफ गलत बयानबाजी करके एक गहरी साजिश के तहत हिंदू और सिखों में टकराव पैदा करना चाह रहे है। इतना ही नही, बीजेपी और आरएसएस शुरू से ही किसान आंदोलन को कमजोर करने के लिए प्रयासरत है। किसान आंदोलन की रीढ की हड्डी माना जा रहा सिख समाज और हिंदू समाज में भ्रम पैदा करके सामाजिक माहौल खराब करने का प्रयास किया जा रहा है।
यह जानकारी कवलजीत सिंह अजराना ने गुरुद्वारा साहिब पातशाही छठी में आयोजित पत्रकार वार्ता में दी। अजराना के अनुसार भाजपा की एक अन्य सिख जत्थेबंदी राष्ट्रीय सिख संगत भी इस कार्य में उनका साथ दे रही है। इसलिए उन्होंने श्रीअकाल तख्त साहिब से आग्रह किया है कि गुरुमत सिद्वांत के उलट चल रही इन गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए आदेश जारी करे। इस मौके पर अकाल उसतत सेवा ट्रस्ट के चेयरमैन एवं अन्तर्राष्ट्रीय गुरबाणी कथावाचक ज्ञानी तेजपाल सिंह, श्री गुरुतेग बहादुर ब्रिगेड की राष्ट्रीय अध्यक्षा बीबी अनुराधा भार्गव एडवोकेट, श्रीहेमकुंठ साहिब सेवा सोसायटी के चेयरमैन तजिंद्र सिंह मक्कड़ सहित सिख संगत मौजूद रही।