मांग न मानी तो बुधवार से रिकवरी रोकेंगें पैक्स कर्मचारी : ज्ञानी राम
न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र।जिले भर के पैक्स कर्मचारियों ने जाट धर्मशाला में बैठक की व दी कुरुक्षेत्र सहकारी कॉआपरेटिव बैंक के महाप्रबंधक द्वारा जारी किए गए फरमान को उनकी मनमानी बताया। बैठक जिला प्रधान ज्ञानी की अध्यक्षता में हुई। ज्ञानी राम ने कहा कि दी कुरुक्षेत्र सहकारी कॉपरेटिव बैंंक के महाप्रबंधक तनवीर मोर अपनी मनमानी से पैक्स पर धक्के से लिमिट थोप रहे हैं जिसका ब्याज 13 प्रतिशत है। ऐसे में पैक्स मोटे घाटे में चली जाएंगी।
महासचिव सुनील कुमार कहा कि पहले सभी पैक्स की जो लोन रिकवरी होती थी उसे पैक्स द्वारा सेविंग खाते में डाल दिया जाता था जिसका प्रयोग पैक्स द्वारा खाद खरीदने में किया जाता था व बाद में बैंक उसे लोन खाते में ले लेता था लेकिन अब लोन की रिकवरी को लोन खाते में लेने में का फैसला महाप्रबंधक द्वारा किया गया है इसके बाद पैक्स के पास खाद खरीदने के लिए पेमेंट नही होगी।
उन्होंने कहा कि अब महाप्रबंधक द्वारा मौखिक कहा गया है कि खाद खरीदने के लिए पैक्स की लिमिट बना दी जाएगी जिसका ब्याज 13 प्रतिशत होगा लेकिन किसान से खाद का जो ब्याज लिया जाता है वह मात्र 7 प्रतिशत है। ऐसे में पैक्स को सीधे-सीधे 6 प्रतिशत का घाटा होगा। पैक्स कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि मंगलवार तक उनकी मांग को नही माना गया तो पैक्स कर्मचारी बुधवार से रिकवरी करना छोड़ देंगें।