पहले दिन प्रदेश भर से आए स्वयं सहायता समूहों की 150 से अधिक महिलाओं द्वारा 55 से अधिक स्टाल लगाए गए
महिलाओं द्वारा रूरल मार्ट के द्वारा खाने के सामान से लेकर कपड़े, पारंपरिक हस्तकलाओं के उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई
न्यूज डेक्स संवाददाता
पंचकूला। पंचकूला के पिंजौर स्थित यादवेन्द्रा गार्डन में 75वें आजादी का अमृत महोत्सव के उपलक्ष में आयोजित किए जा रहे दो दिवसीय ’हरियाणा का लोक महोत्सव तीज के पहले दिन प्रदेश भर से आए स्वयं सहायता समूहों की 150 से अधिक महिलाओं द्वारा 55 से अधिक स्टाल लगाए गए। हरियाणा राज्य आजीविका मिशन की मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. अमरेंद्र कौर ने बताया कि उत्सव के दौरान स्वयं सहायता समूहो की महिलाओं द्वारा स्टाल स्थापित कर रूरल मार्ट के द्वारा खाने के सामान से लेकर कपड़े, पारंपरिक हस्तकलाओं के उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई।
उन्होंने बताया कि हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ’हरियाणा का लोक महोत्सव तीज’ के अवसर पर 11 अगस्त को मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान 26 करोड़ 16 लाख 30 हजार का बैंक ऋण स्वयं सहायता समूह की सदस्यों को दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त आजीविका ग्रामीण एक्सप्रेस योजना के तहत वाहन क्रय हेतु सभी 22 जिलों को 4 करोड़ 23 लाख रूपए की राशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के समापन अवसर पर सर्वश्रेष्ठ समूह पुरस्कार-2020, सर्वश्रेष्ठ जिला पुरस्कार व सर्वश्रेष्ठ स्टॉल पुरस्कार भी प्रदान किए जायेंगे।