कोविड की गाइड लाइन के चलते प्रशासन ने मंदिर के एंट्री गेट पर किए थे व्यापक प्रबंध
मंदिर में आस्था की लहरें, प्रबंध साइड लाइन,प्रशासनिक व्यवस्था पूरी
न्यूज डेक्स इंडिया
मथुरा। वृंदावन के विश्वविख्यात बांके बिहारी जी के मंदिर सहित ब्रज के लगभग सभी मंदिरों में हरियाली तीज की धूम है। यहां भक्ति रस में चूर श्रद्धालुओं के लिए बांके बिहारी जी और अन्य देवी देवताओं का सुंदर श्रृंगार भी विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। बिहारी जी की एक झलक पाने के लिए श्रद्धालु दूर दूर से यहां पहुंचे हुए है। आज यहां विशेष रुप से सुसज्जित सोने और चांदी से बना हिंडोला (झूला) लगाया गया है। मंदिर में भारी भीड़ है और हिंडोले में हरे रंग के जरीदार और नगीनों वाली सुंदर पोशाक और आभूषणों के साथ श्रृंगार से सजेधजे बांके बिहारी जी के दर्शन हरियाली तीज पर झूला झूलते हुए।
एक बार फिर यहां कोविड के जारी नियमों पर अपने राधे ठाकुर बांके बिहारी के दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं की आस्था हावी दिखी।श्रद्धालु बिहारी जी के दर्शनों के लिए इस कदर ललायित दिखे कि उन्हें इस दौरान किसी भी तरह के संक्रमण या गाइड लाइन की परवाह नजर नहीं आई,जबकि जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं के मंदिर प्रवेश के लिए व्यापक प्रबंध किए हुए हैं,मगर आस्था के सैलाब के आगे सब कुछ एक ओर रहा,सिर्फ जयकारों की गूंज और भक्ति समुंदर में गोते लगाते यह श्रद्धालु बड़ी लहरों की तरह यहां से आते जाते दिखाई दिए। आज सबसे ज्यादा श्रद्धालुओं की भीड़ महाआरती के समय रही।