उपायुक्त मुकुल कुमार के आदेशानुसार एसडीएम कपिल शर्मा ने कप्तान रानी रामपाल
नवनीत कौर और नवजोत कौर के निवास स्थान पर जाकर किया सम्मानित
शाहबाद पहुंचने पर हुआ भव्य स्वागत
न्यूज डेक्स संवाददाता
शाहबाद। एसडीएम कपिल शर्मा ने कहा कि शहाबाद हॉकी की खिलाडियों ने भारतीय महिला हॉकी टीम की तरफ से खेलते हुए शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए एक नया इतिहास रचा है। इन खिलाडियों की बदौलत आज भारतीय महिला हॉकी टीम ने चौथे पायदान पर अपना स्थान हासिल किया और इन खिलाडियों के प्रयास जारी रहेंगे कि भारत महिला हॉकी के फील्ड में पहले स्थान पर पहुंचे। वे बुधवार को उपायुक्त मुकुल कुमार के आदेशानुसार भारतीय हॉकी महिला टीम की कप्तान रानी रामपाल, नवनीत और नवजोत कौर के निवास पर प्रशासन की तरफ से सम्मानित करने के लिए पहुंचे।
इससे पहले एसडीएम कपिल शर्मा, जिला खेल अधिकारी बलबीर सिंह व अन्य प्रशिक्षक सबसे पहले न्यू मॉडल टाउन भारतीय हॉकी टीम की कप्तान रानी रामपाल के निवास स्थान पर पहुंचे। यहां पहुंचने पर एसडीएम ने बुक्के और स्मृति चिन्ह देकर रानी रामपाल को सम्मानित किया। इसके बाद एसडीएम कपिल शर्मा ने नवनीत कौर और नवजोत कौर के घर पहुंचकर पुष्प गुच्छ और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। एसडीएम ने कहा कि शाहबाद की इन तीनों महिला हॉकी खिलाडियों ने पूरे विश्व में अपना लोहा मनवाने का काम किया है। इन खिलाडियों से शाहबाद की खिलाडियों को प्रेरणा मिलेगी और प्रेरित होकर देश व प्रदेश का नाम रोशन करेंगी। उन्होंने कहा कि उपायुक्त मुकुल कुमार के आदेशानुसार इन सभी खिलाडियों का शाहबाद पहुंचने पर स्वागत किया गया और उनके निवास स्थान पर जाकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर रामपाल, राममूर्ति, बुट्टा सिंह, जसविन्द्र कौर, सतनाम सिंह, मनजीत कौर, सुनिता देवी, देवी रानी, सुनील कुमार, पवन कुमार, किरत, सिरत, मंदीप आदि उपस्थित थे।