गृहमंत्री अनिल विज को किसानों ने दिखाए थे काले झंडे
न्यूज डेक्स संवाददाता
अंबाला। अंबाला में देर रात हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज का युवा किसानों ने विरोध करते हुए काले झंडे दिखाए थे। इसके बाद पुलिस ने अमन मछौंडा सहित 5 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर इनके खिलाफ मामला दर्ज किया था। विज बुधवार को चंद्रपुरी कॉलोनी में अपने कार्यकर्ता और कार्यालय सहायक अजय के घर से वापस लौट रहे थे। इसी बीच युवा किसानों ने विज को काले झंडे दिखाकर तीन कृषि बिलों पर विरोध जताया। इसके बाद रात करीब साढ़े 10 बजे पुलिस ने सर्च अभियान चलाते हुए एक घंटे बाद युवा किसान अमन मछौंडा को हिरासत में लिया था। युवा किसान नेता की गिरफ्तारी का पता लगते ही किसान भारी संख्या में एकत्रित हो गए थे। इन्होंने पुलिस के पीछे-पीछे शास्त्री कट पर पहुंच गए और प्रदर्शन किया।
इसके बाद सुबह किसानों ने नेशनल हाईवे रोका तो पुलिस ने सभी को हिरासत में लिया। इसके बाद किसानों ने पुलिस लाईन को घेर लिया। पुलिस प्रशासन और किसानों में हुई बैठक में पुलिस ने सभी किसानों छोड़ने का फैसला लिया, लेकिन पुलिस ने स्पष्ट किया कि एफआईआर कैंसिल नहीं होगी। इसे किसानों ने मान लिया है। अंबाला में किसानों द्वारा हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज के विरोध के बाद पूरा दिन गतिरोध चला। अंबाला कैंट भाजपा ने भी प्रदर्शनकारियों के विरोध में प्रदर्शन किया तो दूसरी तरफ किसानों ने पुलिस लाईन को घेरे रखा। इस दौरान पुलिस व किसान आमने सामने रहे। गतिरोध बढ़ा तो दोपहर बाद किसान नेताओं और पुलिस प्रशासन के बीच बैठक हुई। जिसमें बातचीत से मसला हल हुआ और पुलिस ने गिरफ्तार किए किसानों को रिहा करने का फैसला किया।
इससे किसान भी संतुष्ट दिखे. लेकिन पुलिस ने स्पष्ट किया कि किसानों पर दर्ज हुए मामलों को कतई वापिस नहीं लिया जाएगा। गौरतलब है कि यह विवाद तब शुरू हुआ था, जब बुधवार रात को हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज का युवा किसानों ने विरोध किया था। इस घटनाक्रम के बाद पुलिस ने कुछ किसानों को हिरासत में लिया था,जिससे मामला तूल पकड़ गया और करीब 100 किसान एकजुट होकर अंबाला-दिल्ली नेशनल हाईवे पर शास्री कट के पास सर्विस लेन पर आकर धरने पर बैठ गए। किसानों ने आधी रात को साढ़े 12 बजे पुलिस प्रशासन और सरकार को चेतावनी दी थी कि 15 मिनट में यदि किसानों को नहीं छोड़ा गया तो हरियाणा-पंजाब में जाम लगा देंगे। इसके बाद वीरवार को जब किसानों की गिरफ्तारी को लेकर विरोध प्रदर्शन हुआ तो एक फिर प्रदर्शनकारी 80 किसानों को हिरासत में लिया गया,लेकिन किसानों के दबाव के बाद सभी को छोड़ दिया गया।
किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष मलकीत सिंह और हलका अध्यक्ष सुखबिंदर सिंह तथा युवा किसान नवदीप जलबेड़ा ने बताया कि कल रात हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज अंबाला कैंट के शाहपुर मछोंडा गांव पहुंचे तो युवा किसानों ने विरोध किया। जिसके बाद पुलिस ने 5 युवाओं को गिरफ्तार कर लिया।आज विरोधस्वरूप किसानों ने नेशनल हाईवे जाम किया तो पुलिस ने प्रदर्शन करने वालों को हिरासत में ले लिया। जिसके विरोध में आज सुबह से किसान शम्भू टोल पर इकठा हो चुके थे, जिसके बाद सभी किसानों ने एसपी कार्यालय की ओर कूच किया काफी देर विरोध जताने के बाद किसान नेताओ ओर प्रशासनिक अधिकारियों के बीच बातचीत हुई ओर फिर किसानों की रिहाई करने का फैसला लिया गया। शाम 5 बजे के करीब सभी गिरफ्तार किसान रिहा होकर प्रदर्शन कर रहे किसानों के बीच पहुंचे। जहां उनका फूल मालाओं के साथ स्वागत किया गया। रिहा हुए किसानों का कहना है कि कुछ युवाओं ने कल रात गृह मंत्री अनिल विज का शांतिपूर्ण तरीके से विरोध जताया था, लेकिन पुलिस ने हमारे साथ गलत व्यवहार कर बेवजह हमें गिरफ्तार कर लिया।जब तक किसान आंदोलन चलेगा भाजपा नेताओं का ऐसे ही विरोध होता रहेगा आज की ये जीत सभी किसानों के सँघर्ष की है