केंद्र सरकार ने पूरे देश में 272 जिलों के साथ कुरुक्षेत्र को भी किया चयनित
न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र, 31 अगस्त। हरियाणा के खेल एवं युवा मामले मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि कुरुक्षेत्र जिला को नशा मुक्त जिला बनाने के लिए सांझे प्रयासों की जरुरत होगी। इस जिले में युवाओं को नशे से दूर करने के लिए अच्छे मार्गदर्शन के लिए अभिभावकों को आगे आना होगा। इतना ही नहीं अभिभावकों को दसवीं से लेकर ग्रेजुऐशन तक युवाओं की गतिविधियों पर नजर रखनी होगी। खेलमंत्री संदीप सिंह सोमवार को देर सायं सर्किट हाउस में जिला समाज कल्याण अधिकारी व स्टाफ के सदस्यों से बातचीत कर रहे थे।
इससे पहले खेलमंत्री संदीप सिंह ने केन्द्र सरकार द्वारा देश को नशा मुक्त करने के लिए 31 मार्च 2021 तक चलने वाले नशा मुक्ति भारत अभियान के बारे में कुरुक्षेत्र जिले में अभी तक की गई गतिविधियों के बारे में फीडबैक रिपोर्ट हासिल की है। खेलमंत्री ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि कुरुक्षेत्र को नशामुक्त जिला बनाना उनका एक लक्ष्य है। इस जिले को नशे से मुक्ति दिलाने के लिए युवा वर्ग को आगे आना होगा। इस जिले के जो युवा गलती से या किसी अन्य माध्यम से नशे के चंगुल में फंस गए है, उनको वापिस लाना होगा, इसके लिए अभिभावकों के सहयोग की निहायत जरुरत होगी। अभिभावक अपने बच्चों को डांट फटकार के नहीं, अपितु अच्छे मार्गदर्शन से सही राह पर ला सकते है।
उन्होंने कहा कि इस जिले में दसवीं से लेकर ग्रेजुऐशन तक यानि स्कूल से लेकर कालेज तक के विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने के लिए जागरुक करना होगा। इसके लिए अभिभावकों के सहयोग की जरुरत होगी। जिनके बच्चे नशे की लत में फंसे हुए है, उन्हें प्यार से नशे से दूर करेंगे। इस जिले में नशे के प्रति एक युद्धस्तर पर जागरुकता अभियान की जरुरत है। उन्होंने कहा कि अभी हाल में ही केन्द्र सरकार द्वारा देश को नशा मुक्त करने के लिए नशा मुक्ति भारत अभियान को चलाने का निर्णय लिया है और इसके तहत देश के 272 जिलों का चयन किया गया है।
इस अभियान के तहत हरियाणा के 10 जिलों को चिन्हित किया गया है, इन जिलों में कुरुक्षेत्र जिला को भी केन्द्र सरकार द्वारा चयनित किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा 15 अगस्त 2020 से इस अभियान की शुरुआत कर दी गई है और 31 मार्च 2021 तक नशा मुक्ति भारत अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर आमजन को जागरुक किया जाएगा। इस अभियान के लिए भारत सरकार द्वारा दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए है। उन्होंने कहा कि इस अभियान में जिला व खंड स्तर पर कर्मचारियों, स्कूल व महाविद्यालयों के प्रधानचार्यों के माध्यम से अधिक से अधिक जागरुकता फैलाने का काम किया जाएगा। इसके साथ-साथ स्कूल व कालेज स्तर पर क्लबों का गठन करते हुए व्यापक जागरुकता व नशे के दुष्प्रभावों बारे जानकारी दी जाएगी। इस मौके पर जिला समाज कल्याण अधिकारी सुरजीत कौर, सुदेश सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे।