विधायक सुभाष सुधा ने मानसून सत्र के पहले दिन विधानसभा में दिया निमंत्रण
पिपली से थर्ड गेट सडक का निर्माण जल्द करवाने तथा बाईपास योजना को जल्द शुरू करवाने की बात को भी रखा विधानसभा में
न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र। थानेसर विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि हरियाणा प्रदेश के सभी विधायकों को कुरुक्षेत्र के ऐतिहासिक पर्यटन और धार्मिक स्थलों का अवलोकन करने के लिए निमंत्रण दिया है। यह निमंत्रण विधानसभा सत्र के दौरान दिया गया है। इस धर्मक्षेत्र-कुरुक्षेत्र में विधायकों के अवलोकन करने से कुरुक्षेत्र का गौरव और बढेगा तथा सभी विधायकों को कुरुक्षेत्र के पर्यटन और तीर्थ स्थलों के दर्शन करने के साथ-साथ ऐतिहासिक पहलुओं के बारे में जानकारी हासिल करने के बारे में भी अवसर मिल पाएगा।
विधायक सुभाष सुधा ने शुक्रवार को देर सायं दूरभाष पर बातचीत करते हुए कहा कि मानसून सत्र के पहले दिन विधानसभा में सबसे पहले मुख्यमंत्री मनोहर लाल का आभार व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री के प्रयासों से कुरुक्षेत्र के बाईपास बनाने की परियोजना पर कार्रवाई शुरू हुई है। यह प्रोजेक्ट कुरुक्षेत्र के लिए लाईफलाईन साबित होगा, क्योंकि कुरुक्षेत्र से पटियाला, कैथल जाने के लिए सिर्फ एक ही मार्ग है इस मार्ग से ही भारी वाहनों को गुजर कर आना जाना पडता है। इससे सडक़ दुर्घटनाओं की संभावनाएं बनी रहती है तथा भारी वाहनों के लगातार चलने से सडक़ों की हालत भी जल्द खस्ता हो जाती है।
इतना ही नहीं वाहनों के अधिक आवा गमन के कारण शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या के साथ-साथ पर्यावरण पर भी सीधा प्रभाव पड रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री मनोहर लाल से विधानसभा के पटल पर अपील करते हुए कहा कि भारत माला टॅू के तहत बनने वाले कुरुक्षेत्र के बाईपास प्रोजेक्ट की जल्द से जल्द निशानदेही करवाने के साथ-साथ केन्द्र सरकार से गुजारिश करके जल्द से जल्द इस परियोजना को शुरू करवाया जाए। यह प्रोजेक्ट शहरवासियों का सबसे ड्रीम और अहम प्रोजेक्ट है। इस प्रोजेक्ट के बनने से बहुत सी समस्याओं का समाधान हल हो पाएगा।
विधायक ने विधानसभा हाऊस में अपील की है कि पिपली से थर्ड गेट तक सडक़ निर्माण कार्य शहरवासियों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। यह सडक़ शहर की हर्ट लाईन है और इस सडक़ से ही प्रत्येक राहगिर को निकलना होता है। इस सडक़ का निर्माण कार्य करने में देरी हो रही है। इसलिए लोगों की समस्याओं को जहन में रखते हुए पिपली से थर्ड गेट तक के सडक़ निर्माण कार्य को जल्द से जल्द पूरा करने के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाए।
विधायक सुभाष सुधा ने विधानसभा सत्र में प्रदेश के सभी विधायकों को कुरुक्षेत्र में आगमन का निमंत्रण देते हुए कहा कि सभी विधायक कुरुक्षेत्र में आएं और यहां के ब्रह्मसरोवर, सन्निहित सरोवर,गीता स्थली ज्योतिसर, हरियाणा के ताज शेख चेहली मकबरा, मॉ भद्रकाली मंदिर, पैनोरमा, श्रीकृष्ण संग्रहालय, बाणगंगा नरकतारी सहित अन्य धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों का अवलोकन करें। इससे कुरुक्षेत्र की गरिमा बढेगी और सभी विधायकों को कुरुक्षेत्र के ऐतिहासिक झरोखों से रूबरू होने का अवसर भी मिलेगा।