1112 हो चुके है ठीक, कोराना से ठीक होने वाले लोगों ने सांझे किए अपने अनुभव
न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र, 2 सितम्बर। उपायुक्त शरणदीप कौर बराड़ ने कहा कि कुरुक्षेत्र में कोरोना से संक्रमित मरीजों की रिकवरी दर काफी अच्छी है। इस समय कुरुक्षेत्र की रिकवरी दर 60.27 प्रतिशत पर पहुंच चुकी है और इस जिले में सैम्पल पाजिटिव दर 4.9 प्रतिशत है। इस जिले में अब तक 1112 लोग कोरोना को मात देकर अपने घर लौट चुके है। उपायुक्त शरणदीप कौर बराड़ ने कहा कि कोरोना वायरस से घबराने की जरुरत नहीं है। इस वायरस से डटकर मुकाबला करने की जरुरत है। इस वायरस से अपने आपको बचाकर रखना होगा और कोविड-19 की गाईडलाईंस की पालना करनी होगी। इस जिले में मरीजों की रिकवरी दर अच्छे स्तर पर है।
अब तक कुरुक्षेत्र जिले में 39116 सैम्पल लिए जा चुके है और इनमें से 35441 सैम्पलों की रिपोर्ट नेगटिव आ चुकी है। इस जिले में 1 सितम्बर तक 1845 लोगों के सैम्पल पाजिटिव आए है और 1112 लोग कोरोना को मात देकर अपने घर जा चुके है। जो लोग कोरोना को हरा चुके है, उन लोगों से प्रशासन की तरफ से फीडबैक और अनुभव भी सांझा किए जा रहे है। इन लोगों के माध्यम से आमजन तक संदेश भी जाएगा कि कोरोना से घबराने की जरुरत नहीं है। इस वायरस से केवल सावधानी और परहेज रखने की ही जररुत है।
उपायुक्त ने कहा कि 1 सितम्बर तक कुरुक्षेत्र में कोरोना से संक्रमित मरीजों की रिकवरी दर 60.27 प्रतिशत रही है और इस जिले में मृत्युदर 1.8 प्रतिशत है और सैम्पल पाजिटिव रेट की दर 4.9 प्रतिशत है। इस जिले में टेस्ट पर मिलियन का आकंड़ा 37829 है। इस जिले में 27 अगस्त तक 389 एक्टिव कंटेनमेंट जोन है और 220 कंटेनमेंट जोन को डी-नोटिफाईड कर दिया गया है। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि कोरोना वायरस से संक्रमण से बचाव के लिए मुंह पर मास्क लगाकर रखे और सामाजिक दूरियां बनाकर रखे। लोगों को किसी जरुरी कार्य के लिए ही घर से बाहर निकलना चाहिए तथा बार-बार अपने हाथों को साबुन से धोना चाहिए।
घबराने की नहीं जरुरत:कमल
सैक्टर 3 से 50 वर्षीय कमल शर्मा का कहना है कि पिहोवा में अपना व्यवसाय कर रहे है। इस दौरान किसी ग्राहक के सम्पर्क में आने पर कोरोना का संक्रमण हुआ और दिक्कत महसूस होने पर एलएनजेपी अस्पताल में कोरोना का टेस्ट करवाया, जिसकी रिपोर्ट पाजिटिव आई, उसके आदेश मेडिकल कालेज में दाखिल करवाया गया। एलएनजेपी और आदेश मेडिकल कालेज में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया करवाई गई और किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं आने दी और उनको कोरोना पाजिटिव होने का एहसास नहीं होने दिया। उन्होंने लोगों को संदेश देते हुए कहा कि कोरोना से घबराने की जरुरत नहीं है, सिर्फ सयंम और धैर्य रखने की जरुरत है। हालांकि उन्होंने अपना इलाज पंचकूला में भी करवाया और 14 दिन के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई है।
लोगों को कोरोना टेस्ट के लिए आना चाहिए आगे:तिजेन्द्र
पिहोवा निवासी तिजेन्द्र का कहना है कि कोरोना के संक्रमण और फैलाव को रोकने के लिए लोगों को कोरोना टेस्ट करवाने के लिए आगे आना चाहिए। उन्हें कोरोना वायरस के किसी प्रकार के लक्षण नहीं थे। लेकिन कोरोना टेस्ट करवाने पर रिपोर्ट पॉजिटिव आई और उन्हें घर में ही आईसोलेशन में रखा गया। लेकिन घर में 14 दिन अलग रहे और बच्चों और पत्नी से भी दूरियां बनाकर रखी। थोड़ा सा परहेज करने पर कोरोना की रिपोर्ट नेगटिव आई और अब बिल्कुल स्वस्थ है। उन्होंने कहा कि लोगों को कोरोना से बिल्कुल भी डरने की जरुरत नहीं है। इस वायरस से बचने के लिए केवल सावधानियां बरतने की जरुरत है। लोग अपना टेस्ट करवाए और रिपोर्ट आने पर परहेज रखे। इस प्रकार सावधानियां रखने पर कोरोना वायरस के फैलाव को रोका जा सकता है।