किसान पंचायत में पहुंच रहे किसानों पर हुई पुष्प वर्षा,हिंदू,मुस्लिम,सिख,ईसाई भाईचारे के लगे नारे
न्यूज डेक्स उत्तरप्रदेश
मुजफ्फरनगर। देशभर से आज किसान यहां रखी गई किसान महापंचायत में पहुंचे। इस किसान पंचायत में 300 से ज्यादा किसान संगठनों के प्रतिनिधि देशभर से पहुंचे और केंद्र और भाजपा शासित सरकारों के खिलाफ जमकर गरजे।किसान पंचायत में पहुंचने के लिए किसानों में काफी उत्साह दिखा। इससे ज्यादा उत्साह इनकी सेवा में जुटे उन किसानों में था,जिन्होंने रास्तेभर में इनके लिए जलपान इत्यादि की व्यवस्था की थी। किसानों का उत्तरप्रदेश के शामली में पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। किसानो की गाड़ियों पर फूल बरसाए गए। मुस्लिम समाज के लोगो ने शामली में टेंट लगा किसानो को चाय पानी व्यवस्था की और हर गाड़ी पर फूलों की बारिश की। इस बीच हिन्दू मुस्लिम सिख ईसाई एकता के नारें भी गूंजे। उत्तर प्रदेश के किसानों ने कहा ये अब पूरे देश का आंदोलन बन चुका है और भाजपा को आने वाले चुनाव में डोज देने के लिए पूरी तैयारी की जा रही है। स्वराज अभियान के योगेंद्र यादव ने केंद्र सरकार के पांच पापों का जिक्र किया।
भाकियू नेता राकेश टिकैत ने अपने चिरपरिचित अंदाज में फिर केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि देश की सरकार ने किसानों के साथ साथ देश के हर वर्ग को धोखा देने का काम किया है। रेल, बिजली, महत्वपूर्ण प्रतिष्ठान, सड़कें, एफसीसआई के गोदाम, बंदरगाहों का निजीकरण कर उन्हें बेचा गया और इसी के साथ खेती-बाड़ी भी निजी कंपनियों को बेच कर इनके हवाले करने की तैयारी की गई। टिकैत ने कहा कि एक तरह से अब पूरा भारत बिकाऊ हो गया है। उन्होंने कहा कि शुगर मिलों पर गन्ना किसानों की बकाया राशि का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि किसानों का 12 हजार करोड़ रुपया आज भी गन्ना मिलों पर बकाया है। पिछली दो सरकारों ने गन्ने के रेट बढ़ाए, लेकिन योगी सरकार ने फूटी कोड़ी तक नहीं बढ़ाई।
भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रेस प्रभारी शमशेर राणा ने बताया कि किसानों के स्वागत के लिए उत्तरप्रदेश गेट से मुजफ्फरनगर तक रास्ते में पड़ने वाले सभी गांवों में वॉलंटियर्स तैनात किए गए और उनके स्वागत में कोई कमी न रह जाये इसके लिए मुजफ्फरनगर में खाने तथा जलपान के करीब 600 से ज्यादा जगहों पर लंगर की व्यवस्था की गई है। साथ ही चिकित्सा सुविधा के लिए भी 20-25 मेडिकल कैंप लगाए गए। आयोजन के दौरान यह भी ध्यान रखा गया है कि इस गैर राजनीतिक राष्ट्रीय महापंचायत में कोई भी राजनीतिक दल का नेता संबोधित न करें। वहीं बलदेव सिंह सिरसा ने कहा कि जब हम पंजाब से चले थे, तब हमें पाकिस्तानी, खालिस्तानी, उग्रवादी कहा गया था, आज यहां जो लोग आए हैं, इनको अब क्या कहोगे मोदी।
2024 तक हम बैठे रहेंगे, जब तक ये कानून वापिस नहीं होते- बलबीर सिंह राजेवाल
बलबीर सिंह राजेवाल ने मुजफ्फरनगर की किसान पंचायत मोदी सरकार को एक बड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि या तो सरकार मान जाए अन्यथा अब आप आंदोलन को रोक नहीं पाओगे और किसान 2024 तक आंदोलन से पीछे हटने वाला नहीं है। उन्होंने करनाल घटनाक्रम लाठीचार्ज के लिए जिम्मेदार एसडीएम के खिलाफ 302 का मुकदमा दर्ज करने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने अगर कार्रवाई नहीं की तो 7 तारीख को करनाल के मिनी सचिवालय का घेराव करेंगें। उन्होंने कहा कि हमें पता चला है कि वो एसडीएम किसी आरएसएस के नेता का भतीजा है और हम भी देखते हैं, उसको कब तक सरकार बचाएगी।राजेवाल ने कहा कि हम देख लेंगे कि सरकार में कितनी गर्मी चढ़ी है। उन्होंने मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर पर आरोप लगाया कि जानबूझकर अपने विधानसभा क्षेत्र करनाल में इस अधिकारी को लगाया गया था। उन्होंने कहा कि सरकार कभी बड़ी नहीं होती,बल्कि जनता बड़ी होती है। किसान पंचायत में भीड़ देखकर राजेवाल ने कहा कि लगता है कि अगले चुनाव में यूपी में भी बंगाल वाला फॉर्मला कामयाब होने वाला है। हुंकार भरते हुए किसान नेता ने कहा कि योगी जी तैयार हो जाओ अब आपको मैदान में देखेंगे।
राजनाथ सिंह अच्छे आदमी हैं
भारत किसान यूनियन के राष्ट्रीय नेता नरेश टिकैत ने कहा कि केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह बहुत अच्छे आदमी हैं,उन्हें हम अपने परिवार का सदस्य मानते हैं,लेकिन उन्होंने अफसोस जाहिर करते हुए कहा कि उन्हें बोलने नहीं दिया जा रहा। उन्होंने राजनाथ सिंह पर शिकंजा कसे होने की बात करते हुए टिप्पणी की कि इसी वजह से वो ज्यादा नहीं बोल पाते।
किसानों की हुंकार के सामने किसी सत्ता का अहंकार नहीं चलता-प्रियंका गांधी
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने आज की किसान पंचायत का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि किसान इस देश की आवाज हैं और किसान देश का गौरव हैं। उन्होंने भाजपा सरकार को आगाह किया कि किसानों की हुंकार के सामने किसी भी सत्ता का अहंकार नहीं चलता।
खेती-किसानी को बचाने और अपनी मेहनत का हक मांगने की लड़ाई में पूरा देश किसानों के साथ है।
भाजपा सांसद वरुण गांधी ने भी किया किसान महापंचायत का समर्थन
भाजपा सांसद वरुण गांधी पहले भी अपने बयानों की वजह से सुर्खियों में आते रहे हैं,इस बार फिर उन्होंने भाजपा के लिए मुश्किल खड़ी कर दी है।जिस किसान महापंचायत में भाजपा पर किसानों ने तीर पर तीर छोड़े,उसे उसी किसान महापंचायत का भाजपा सांसद वरुण गांधी ने समर्थन कर भाजपा की नई किसान नीति को सीधे तौर पर चुनौती दे दिया है।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजामात
किसान महापंचायत को लेकर राज्य सरकार के आदेश पर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा संबंधी जबरदस्त बंदोबस्त किए थे। रैपिड एक्शन फोर्स और पीएसी समेत 10 कंपनियां यहां तैनात की गई थी। पुलिस मुख्यालय से 3 आईपीएस अधिकारी, 11 एडिशनल एसपी, 16 डीएसपी और 300 पुलिसकर्मी यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए मुस्तैद रहे,जबकि पुलिस के ढाई हजार से ज्यादा जवान महापंचायत स्थल और शहर के अलावा मुख्य मार्गों पर तैनात रहे।
सोशल मीडिया पर ट्रेंड में रही मुजफ्फरनगर किसान महापंचायत
सोशल मीडिया के लगभग सभी प्लेटफार्म पर आज मुजफ्फरनगर में हुई किसान महापंचायत ट्रेंड में रही। किसानों का समर्थन करने वालों में राजनेताओं के अलावा आमजन भी दिखे।