रेलवे स्टेशन से पांच ट्रकों में करेंसी नोटों के बंडलों से भर कर आरबीआई आफिस के लिए हुए थे रवाना
न्यूज डेक्स संवाददाता
चंडीगढ़। सोमवार को करेंसी नोटों से भरे पांच ट्रक कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के साथ रेलवे स्टेशन से रिजर्व बैंक आफ इंडिया जा रहे थे,इस बीच रास्ते में इनमें से दो ट्रकों की भीषण भिडंत हो गई,जिसकी वजह से एक महिला कांस्टेबल, एक कांस्टेबल और दोनों ट्रकों के ड्राइवर जख्मी हो गए। हादसे का शिकार हुए महिला कांस्टेबल सुरक्षा कारणों से ड्राइवर सीट के बगल में बैठी थीं और इस हादसे के कारण वह अंदर ही बुरी तरह से फंस गई। इन्हें बामुशकिल निकाल कर पीजीआई चंडीगढ़ उपचार के लिए भेजा गया। इस मामले कांस्टेबल राम सिंह के बयान पर सेक्टर-26 थाना में ट्रक चालक तेजिंदर और गुरबेज सिंह के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया गया है।
रेलवे स्टेशन पर सोमवार दोपहर को करीब एक बजे स्पेशल ट्रेन से चंडीगढ़ आरबीआई आफिस के लिए करोड़ों रुपये नकदी रिसीव की गई थी। यूटी पुलिस ने कड़ी सुरक्षा में इन करेंसी नोटों को पांच ट्रकों में लोड कराया था और इन्हें चंडीगढ़ के सेक्टर-17 स्थित आरबीआई आफिस के लिए रवाना किया था। इन पांचों ट्रकों में पुलिस के जवान भी सवार थे। ट्रांसपोर्ट एरिया की लाइट प्वाइंट से जब ट्रकों का यह काफिला हिमाचल भवन के सामने से गुजरा तो इस बीच पहले ट्रक के ड्राईवर ने कट मारा था। इसकी वजह से दूसरे ट्रक ड्राईवर की हलकी टक्कर लगी और यह वाहन वहीं रुक गए,लेकिन तीसरे ट्रक को पीछे से चौथे ट्रक चालक ने इतनी जोरदार टक्कर मारी कि चलते ट्रक का ड्राइवर केबिन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे के दौरान ट्रक में मौजूद महिला कांस्टेबल भीतर फंस गईं,जिन्हें कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू कर निकाला।