न्यूज डेक्स संवाददाता
जींद। जिला जेल में बंदी द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने के मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने बुधवार को सिविल अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने इस मामले में इत्तफाकिया कार्रवाई की है। गौरतलब है कि कैथल के गांव गुलियाना का 21 वर्षीय पवन जिला जेल में अपहरण तथा पोक्सो एक्ट के तहत विचाराधीन बंदी था। जो पिछले अढ़ाई माह से जिला जेल में बंद था। मंगलवार को आरोपी पवन बैरक नम्बर 2 केबाथरूम में फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला था और उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना पाकर जेल अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे और घटना की सूचना पुलिस तथा मृतक बंदी के परिजनों को दी थी। बाद में सिविल लाइन थाना प्रभारी इंस्पैक्टर हरिओम और ज्यूडिशयल मैजिस्ट्रेट जिला जेल पहुंचे थे और हालातों का जायजा लिया था।
मृतक पवन पर जुलाना थाना इलाके से 17 वर्षीय लड़की का अपहरण करने का आरोप था। जिसे जुलाना थाना पुलिस ने 8 जुलाई को गिरफ्तार कर लिया था और उसके खिलाफ पोक्सो एक्ट भी जोड़ था। तभी से मृतक पवन जेल में बंद था। सिविल लाइन थाना प्रभारी इंस्पैक्टर हरिओम ने बताया कि पुलिस ने सिविल अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों ने किसी भी प्रकार के कोई आरोप नहीं लगाए है। पुलिस ने मामले में इत्तफाकिया कार्रवाई की है।